February 15, 2026

कनाडा में निज्जर का सहयोगी खालिस्तानी आतंकी अर्शदीप डल्ला हिरासत में

नई दिल्ली: कनाडा पुलिस ने आतंकी हरदीप सिंह निज्जर के सहयोगी खालिस्तानी आतंकवादी अर्शदीप डल्ला को हिरासत में लिया है।

एक समाचार चैनल से प्राप्त जानकारी के अनुसार हिरासत में लिए जाने के बाद अर्श दल्ला को रिहा कर दिया गया या वह अभी भी जेल में है, इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। गौरतलब है कि भारत और कनाडा के फिलहाल सभी राजनयिक चैनल बंद हैं और दोनों देशों के बीच कोई जानकारी साझा नहीं की जा रही है।

इस बीच यह भी पता चला है कि पंजाब पुलिस ने भी अर्शदीप सिंह दल्ला के दो प्रमुख गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इन्हें पिछले महीने राज्य के फरीदकोट जिले में सिख कार्यकर्ता गुरप्रीत सिंह हरि नौ की हत्या के मामले में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया गया है। एक समाचार एजेंसी ने रविवार को एक अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी है।

एजेंसी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों लोगों ने कनाडा स्थित गैंगस्टर दल्ला के निर्देश पर मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में जसवंत सिंह गिल नामक एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘मोहाली के राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ ने एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और फरीदकोट पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में कनाडा स्थित नामित आतंकवादी अर्श दल्ला के दो प्रमुख गुर्गों को गिरफ्तार किया, जो फरीदकोट में गुरप्रीत सिंह हरि नौ की हत्या में शामिल थे।’

रिपोर्ट के अनुसार डीजीपी ने कहा, ‘जांच से पता चला है कि आरोपियों ने 7 नवंबर, 2024 को ग्वालियर, मध्य प्रदेश में अर्शदीप दल्ला के निर्देश पर जसवंत सिंह गिल की भी हत्या की थी। दोनों संदिग्ध अपराध के बाद पंजाब लौट आए, जहां उन्हें खरड़ के पास से गिरफ्तार किया गया।

ग्वालियर में हुई गोलीबारी में पीड़ित की पहचान जसवंत सिंह गिल के रूप में हुई है, जो 2016 के एक हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और गुरुवार को उसकी हत्या कर दी गई। हत्या की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *