February 19, 2026

अवैध संबंधों के चलते नवजात को खेतों में फेंका

तरनतारन: पंजाब के तरनतारन जिले में अवैध संबंधों के चलते एक मां ने अपने नवजात बच्चे को खेतों में फेंक दिया।

जिले के ब्रहमपुरा गांव में शुक्रवार की सुबह मानवता उस समय शर्मशार हुई, जब कलयुगी मां ने बेटे को जन्म देकर खेतों के किनारे फेंक दिया। आवारा कुत्तों ने मासूम को बुरी तरह से नोच डाला। जिसके कारण नवजात की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

कुत्तों ने मासूम का धड़ सिर से कर दिया अलग
विधानसभा हलका खडूर साहिब के गांव ब्रहमपुरा निवासी किसान हरजीत सिंह ने बताया कि वह बैंक से पैसे निकलवाने के लिए बाइक पर सवार होकर सुबह साढ़े दस बजे घर से रवाना हुआ। गांव की अनाज मंडी समीप दीवार के पास आवारा कुत्तों का झुंड इधर-उधर घूम रहा था।

जो कपड़े में लिपटी किसी वस्तु को नोच रहे थे। हरजीत सिंह ने आसपास के लोगों को सूचित कर अपने साथ लिया व मौके पर पहुंचा। उसने देखा कि आवारा कुत्ते नवजात लड़के का मांस नोच रहे थे। देखते ही देखते कुत्तों ने मासूम का धड़ सिर से अलग कर दिया।

थाना चोहला साहिब की पुलिस को मामले से अवगत करवाया गया। करीब 40 मिनट के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दो हिस्सों में बंटे नवजात को कब्जे में लिया। एसपी (आई) अजयराज सिंह ने बताया कि प्रथम जांच में सामने आया है कि अवैध संबंधों के चलते पैदा हुए नवजात को कलयुगी मां ने जन्म के बाद फेंका हो। आरोपित कौन है, इसका पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की मदद ली जा रही है। आसपास गांवों से संबंधित कितनी महिलाएं गर्भवती हैं, यह डाटा खंगाला जाएगा। फिलहाल शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *