February 19, 2026

नेतन्याहू ने हिजबुल्लाह को भारी कीमत चुकाने की चेतावनी दी

नई दिल्ली, लेबनान के विदेश मंत्री अब्दुल्ला बौ हबीब ने इजरायल के नियंत्रण वाले गोलन हाइट्स के मजदल शम्स के ड्रूज शहर पर हुए हमले की जांच की मांग की है। इस हमले में 12 लोगों की जान चली गई थी। ये हमला 27 जुलाई को हुआ था। वहीं गोलान हाइट्स में हिजबुल्लाह के हमले के बाद अब इजरायल कुछ बड़ा करने जा रहा है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हिजबुल्लाह को भारी कीमत चुकाने की चेतावनी दी है।

नेतन्याहू ने बुलाई सुरक्षा कैबिनेट
अमेरिका से लौटने के तुरंत बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने राजधानी तेल अवीव के किर्या में सुरक्षा कैबिनेट की बैठक बुलाई। कैबिनेट के सदस्यों ने प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री को हिजबुल्लाह के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के तरीके और समय पर निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया। उधर, मोसाद के निदेशक डेविड बार्निया भी रोम से लौट चुके हैं। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कड़े शब्दों में हिजबुल्लाह को संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि इजरायल इस जानलेवा हमले को नजरअंदाज नहीं करेगा। हिजबुल्लाह को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी, जो उसने अब तक नहीं चुकाई है।

भारत ने भी जारी की एडवाइजरी
लेबनान के बेरूत स्थित भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि हाल ही में हुए घटनाक्रमों के मद्देनजर लेबनान में सभी भारतीय नागरिकों और यहां की यात्रा करने की योजना बनाने वाले लोगों को सावधानी बरतने और बेरूत में भारतीय दूतावास से संपर्क में रहने की सलाह दी जाती है। लोग ईमेल आईडी- cons.beirut@mea.gov.in या आपातकालीन फोन नंबर +96176860128 के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *