February 20, 2026

चुनाव ड्यूटी में कोताही नहीं होगी बर्दाश्त: डीसी

सी-विजिल एप की शिकायतों पर तय समय में एक्शन लें फ्लाइंग स्क्वायड की टीमें

झज्जर, लोकसभा चुनाव के दौरान चुनावी गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए गठित फ्लाइंग स्वायड व अन्य टीमों को डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने मीटिंग में महत्वपूर्ण दिशा निर्देश जारी किए। इस दौरान चुनाव गतिविधियों की मॉनिटरिंग से जुड़ी मोबाइल एप के संचालन को लेकर भी टीमों को पीपीटी के माध्यम से विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। सी-विजिल एप के बारे में जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस एप पर कोई भी नागरिक आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कर सकता है। एप पर दर्ज शिकायत के निराकरण तय समय सीमा निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी फ्लाइंग स्क्वायड के अधिकारियों को सी-विजिल एप की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तय समय में एक्शन लेने के सख्त निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा चुनावी गतिविधियों की मॉनिटरिंग सिस्टम को तकनीक के माध्यम से प्रभावी बनाया गया है। जिला की सीमाओं पर नाके स्थापित कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारी चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशानिर्देशों को अच्छी तरह से पढ़ लें। चुनाव ड्यूटी में कोताही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी शीतल, एसडीएम बादली सतीश यादव, एसडीएम झज्जर रविंद्र कुमार, एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक, डीएमसी परवेश कादयान, नायब तहसीलदार (इलेक्शन) सुरेंद्र कुमार, कानूनगो (इलेक्शन) सुनील डांगी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *