‘मेरे शहर के 100 रतन’ के अंतर्गत क्रैक अकादमी राज्य की देखरेख में रह रहे 4,500 अनाथ बच्चों को कोचिंग देगी:- नीरज कंसल
रघुनाथ शर्मा बेबाक़, नूरपुर: नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में नूरपुर मेरे शहर के 100 रतन चुनने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजित किया गया है। काबिले जिक्र है कि हिमाचल प्रदेश सरकार के सहयोग से क्रैक एकेडमी ने जिले में मेरे शहर के 100 रत्न स्कॉलरशिप प्रोग्राम की शुरुआत की है। इस पहल के तहत प्रदेश भर के 6.800 छात्रों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। बुधवार को नूरपुर पहुंचीं क्रैक एकेडमी की टीम ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान जिले में स्कॉलरशिप प्रोग्राम लांच करने की घोषणा की।स्कॉलरशिप प्रोग्राम के अलावा, क्रैक अकादमी राज्य की देखरेख में रह रहे 4,500 अनाथ बच्चों को भी सहयोग दे रही है। यह संस्था हर साल इन बच्चों को कई कोर्स करने का मौका देती है। इस कार्यक्रम के तहत सरकार लगभग 34 करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है।अकादमी के पदाधिकारी मयंक ने बताया कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें कक्षा 6 व उससे ऊपर की क्लासों के छात्र भाग ले सकेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के टॉप 100 छात्रों को मुफ्त कोचिंग मिलेगी, जबकि अगले 200 छात्रों को 75 प्रतिशत और उसके बाद के 500 छात्रों को 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। क्रैक एकेडमी इन छात्रों को उनके लक्ष्य प्राप्त करने तक मार्गदर्शन देगी। राज्य सरकार इस योजना को सफल बनाने में क्रैक एकेडमी को पूरा सहयोग देगी। एकेडमी प्रदेश में रोजगार के अवसर भी पैदा करेगी। क्रैक एकेडमी 90 से अधिक कोचिंग सेंटर स्थापित करेगी, जिससे 5,000 लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा और अन्य अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी बनेंगे। क्रैक एकेडमी के फाउंडर और सीईओ, नीरज कंसल ने कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ हमारी यह साझेदारी राज्यभर के छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
