February 15, 2026

एनसीबी को बड़ी सफलता, छापेमारी कर पकड़ा 60 करोड़ का मेफेड्रोन

मादक पदार्थ गिरोह का मुख्य सदस्य गिरफ्तार

मुंबई : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने नवी मुंबई में करीब 60 करोड़ रुपये मूल्य की मेफेड्रोन जब्त करने के बाद पिछले महीने भंडाफोड़ किए गए मादक पदार्थ गिरोह के एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी सूफियान खान का नाम 26 जून को वाशी में मादक पदार्थ जब्ती के बाद जांच के दौरान सामने आया। एनसीबी ने ड्रग रैकेट का पर्दाफाश तब किया था जब उसने 31.5 किलोग्राम मेफेड्रोन, एक सिंथेटिक प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किया था (जिसकी कीमत लगभग 60 करोड़ रुपये थी) और मुंबई के नागपाड़ा, डोंगरी और वडाला इलाकों से तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।

हालांकि, अधिकारी ने बताया कि खान, जिसे एनसीबी ने ड्रग सिंडिकेट का एक महत्वपूर्ण सदस्य बताया है, ऑपरेशन के बाद अपने ठिकाने और फोन नंबर बदलता रहा। उन्होंने बताया कि एनसीबी अधिकारियों ने विशेष सूचना के आधार पर काम किया और सोमवार को वाशी स्थित एक लॉज से खान को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि खान मुम्बई के शिवड़ी इलाके से अपना काम करता था और उसका आपराधिक इतिहास रहा है। उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *