February 20, 2026

नौसेना प्रमुख ग्रीस यात्रा पर, नौसैनिक सहयोग व समुद्री सुरक्षा पर होगी चर्चा

नई दिल्ली : भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी चार दिन की आधिकारिक ग्रीस यात्रा पर हैं। यात्रा के दौरान भारत और ग्रीस के बीच नौसैनिक सहयोग बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उनकी यह यात्रा 26 से 29 सितंबर तक है। नौसेना प्रमुख इस यात्रा के दौरान ग्रीस के वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे।

नेवी चीफ की यात्रा के संबंध में रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह यात्रा भारत और ग्रीस के बीच द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को बढ़ावा देने के लिए जारी प्रयासों का हिस्सा है। इस मुलाकात के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग पर चर्चा की जाएगी। खास तौर पर समुद्री सुरक्षा लेकर भारत और ग्रीस के बीच बातचीत होगी। संयुक्त प्रशिक्षण पहल और दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच भविष्य के परिचालन सहयोग की संभावनाओं तथा अन्य मुद्दों पर भी चर्चा किए जाने की उम्मीद है।

एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी अपनी यात्रा के हिस्से के रूप में, हेलेनिक नौसेना बेड़े के बेस सलामिस बे और हेलेनिक नौसेना अकादमी का दौरा करेंगे। हेलेनिक नौसेना ने अपनी नौसैनिक संपत्तियों के प्रदर्शनों और यात्राओं के माध्यम से भारतीय नौसेना प्रमुख को ग्रीस की नौसेना क्षमताओं और प्रशिक्षण पद्धतियों से परिचित कराने की योजना भी बनाई है। हेलेनिक नौसेना प्रमुख हेलेनिक नौसेना संग्रहालय जहाज जॉर्जियोस एवेरोफ पर भारतीय नौसेना प्रमुख की मेजबानी करेंगे। इससे उन्हें ग्रीस के समृद्ध समुद्री इतिहास और नौसेना विरासत के बारे में अवगत कराया जाएगा।

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि यह यात्रा भारत और ग्रीस के बीच मजबूत नौसैनिक संबंधों को दर्शाती है। इसमें संयुक्त अभ्यास, बंदरगाह यात्राएं और क्षमता निर्माण पहल शामिल हैं। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी की इस यात्रा से दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच मित्रता एवं सहयोग को बढावा मिलने की उम्मीद है, जिससे आपसी हितों के क्षेत्रों में सहयोग में वृद्धि सुनिश्चित होगी।

एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ग्रीस के रक्षा उप मंत्री इयोनिस केफालोगियनिस, हेलेनिक नेवी जनरल स्टाफ (एचजीएनएस) के प्रमुख वाइस एडमिरल दिमित्रियोस ई कटारस व हेलेनिक नेशनल डिफेंस जनरल स्टाफ के उप प्रमुख वाइस एडमिरल क्रिस्टोस सासियाकोस से मुलाकात करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *