राष्ट्रीय लोक अदालत सस्ते न्याय का सशक्त माध्यम : अजय तेवतिया
झज्जर, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण व हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में झज्जर व बहादुरगढ़ में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में कुल 17 हजार 445 मामले रखे गए जिसमें से 11 हजार 757 मामलों का निपटारा हुआ व कुल सेटलमेंट राशि 3,40,09,145 रुपए रही ।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया ने कहा कि लोक अदालत का लाभ अधिक से अधिक लोगों को उठाना चाहिए क्योंकि लोक अदालत में मामले का निपटारा आपसी सहमति से होता है जिससे समय व धन की बचत होती है व आपसी सौहार्द भी बना रहता है। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों, लोक अदालत में कार्यरत सभी कर्मचारियों व अधिवक्ताओं का लोक अदालत को सुचारू रूप से चलाने एवं सफल बनाने के लिए धन्यवाद किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों जिला प्रशाशन, पुलिस विभाग, बिजली विभाग आदि के कार्य की सराहना की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अरविंद कुमार बंसल ने बताया कि लोक अदालत में झज्जर व बहादुरगढ़ की सभी रेवेन्यु व न्यायिक अदालतों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त पी एल ए (पी यू एस) में भी लोक अदालत का आयोजन 8 दिसंबर शुक्रवार को किया गया। प्राधिकरण सचिव अरविंद कुमार बंसल ने लोक अदालत के सफल आयोजन पर सभी का धन्यवाद किया।
