February 15, 2026

आतंकियों से मुठभेड़ में मंडी जिले के नायब सूबेदार राकेश कुमार बलिदान

मंडी: किश्तवाड़ जिले में ग्राम रक्षा समूह (वीडीजी) के दो सदस्यों की अपहरण कर हत्या करने वाले आतंकियों के खिलाफ चलाए अभियान के दौरान रविवार को सेना की स्पेशल फोर्स के हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के रहने वाले कमांडो नायब सूबेदार राकेश कुमार बलिदान हो गए।

मुठभेड़ में तीन जवान गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। मुठभेड़ उसी जगह के पास हुई, जहां वीडीजी सदस्यों के शव बरामद हुए थे। सुरक्षाबलों ने जंगल में तीन से चार आतंकियों को घेर रखा है। जंगल में छिपे आतंकियों को ढेर करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबल भी लगाए गए हैं।

दो वीडीजी सदस्यों की हुई थी हत्या
किश्तवाड़ के ओहली कुंतवाड़ा में वीरवार को आतंकियों ने वीडीजी सदस्य नजीर अहमद और कुलदीप कुमार का अपहरण कर बर्बरतापूर्ण तरीके से हत्या कर दी थी। शुक्रवार को इनके शव केशवान के पांडिगरी इलाके के जंगल में नाले के पास मिले थे। इसके बाद सेना, पुलिस व सीआरपीएफ के जवान केशवान के जंगल में तलाशी अभियान चला रहे थे। रविवार की सुबह 11 बजे सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।

मुख्यमंत्री ने नायब सूबेदार राकेश कुमार की शहादत पर दुख व्यक्त किया

शिमला: जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकवादियों से मुठभेड़ में मंडी जिला के निवासी नायब सूबेदार राकेश कुमार की शहादत के समाचार से हिमाचल प्रदेश में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राकेश कुमार की शहादत पर कहा है कि देश की सेवा में उनके अद्वितीय बलिदान को सदैव याद रख दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वह दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *