बंगाणा के धतोल में 52 लाख से बनेगा बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन
विधायक देवेंद्र भुट्टो ने किया विधिवत शिलान्यास
जल्द बनकर तैयार होगा भवन: भुट्टो
अजय कुमार, बंगाणा, कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत धतोल में शनिवार को 52 लाख की लागत से बनने वाले वहुद्देशीय सामुदायिक भवन (मिनी मैरिज पैलेस) का विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि यह भवन ग्राम पंचायत धतोल, धुंधला की जनता के लिए समर्पित होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में दो या तीन पंचायत के लिए एक 50 लाख की लागत से मैरिज पैलेस का निर्माण करवाने का उन्होंने वादा किया था। यह भवन स्थानीय पंचायत की निगरानी में बनेगा और इसकी देखभाल एवं साफ सफाई की जिम्मेदारी भी स्थानीय पंचायत की होगी। शादी विवाह एवं अन्य कार्यक्रम यहां ग्रामीण कर सकेंगे। भुट्टो ने कहा कि उन्होंने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में इसकी शुरुआत कर दी है और करीब आधा दर्जन भवनों का कार्य प्रगति पर है वही अभी अन्य भवनों की डीपीआर तैयार हो रही है। विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में युवाओं के लिए 6 से ज्यादा खेल मैदान बनाने की स्वीकृति विभाग को प्रदान की गई है। कुछ खेल मैदानों का कार्य भी शुरू हो चुका है। वही कुटलैहड़ के सरकारी स्कूलों में बढ़िया खेल मैदान बनाने के लिए उन्होंने करोड़ों की धनराशि उपलब्ध करवाई है। उनका प्रयास है कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में जो उन्होंने चुनाव के समय वायदे किए थे उन एक-एक वायदे को पूरा करें। भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की हर पंचायत से सीधा संपर्क बनाकर और जनता से चर्चा करने के बाद सभी की राय के साथ हर कार्य किया जा रहा है। भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में बहुत शीघ्र ही पर्यटन के पंख लगेंगे। कुछ स्थानों को चयनित किया गया है जिससे कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में सैलानियों की संख्या और बढ़ सके। भुट्टो ने कहा कि जिस प्रकार कुटलैहड़ के भरमोती मंदिर एवं बाबा गरीबदास मंदिर अंदरोली में सैलानी आते हैं उसी प्रकार कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के कुछ चयनित स्थलों पर भी सैलानी अधिक संख्या में आ सकते हैं। इससे कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में स्वरोजगार बढ़ेगा। भुट्टो ने कहा कि 56 करोड़ सड़कों के लिए, 60 करोड़ पानी की विभिन्न योजनाओं के लिए, 45 करोड़ खेती की सिंचाई के लिए, 10 करोड़ पूर्व सरकार में चल रहे कार्य जो रुक गए थे उन्हें प्रगति पर लाने के लिए, अन्य लाखों रुपए प्रति ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के लिए, खेल मैदान के लिए एवं रास्तों के लिए मुहैया करवाए गए हैं। देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, बिजली जैसे रोजमर्रा जरूरत के मूलभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए काम किया जा रहा है जिससे कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को विकास का मॉडल बनाकर इतिहास रचा जाए। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र जेटली, पूर्व बीडीसी सदस्य पिंटू लाला, कैप्टन प्रीतम, स्थानीय प्रधान,उप प्रधान एवं अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
