संजौली मस्जिद के अवैध हिस्से को गिराने को लेकर मस्जिद कमेटी ने कार्रवाई शुरू की
सीएम सुक्खू व मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश में भाईचारा बनाए रखने की अपील की
शिमला: राजधानी शिमला के संजौली में बनी मस्जिद की तीन अवैध मंजिलें गिराने के लिए वक्फ बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद मस्जिद कमेटी ने इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है। पूरे मामले पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी प्रतिक्रिया दी है। संजौली मस्जिद पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मस्जिद के लोगों ने खुद कहा है कि अगर कुछ अवैध है तो वे उसे गिरा देंगे। इसलिए मुस्लिम समुदाय के भाई, मस्जिद के प्रमुख, इमाम, खुद चाहते हैं कि इसे गिरा दिया जाए, क्योंकि यह अवैध है। हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुस्लिम समाज ने जो पहल की है, वे उसका स्वागत करते हैं। उन्होंने स्वेच्छा से अवैध भवन को ध्वस्त करने का फैसला किया है। मेरी लोगों से यही अपील है कि अच्छा माहौल बनाएं रखें व इस तरह की कोई परिस्थिति न बने जिससे भाईचारा आपस में खराब हो। उन्होंने कहा कि हमें प्रदेश को आगे लेकर जाना है और हमें लोगों के हितों की रक्षा करनी है। संजौली मस्जिद मामले की समिति के अध्यक्ष लकी मोहम्मद लतीफ नेगी ने सोमवार को कहा कि हिमाचल वक्फ बोर्ड द्वारा नगर निगम शिमला के न्यायालय के आदेश के बाद संजौली मस्जिद के आंशिक विध्वंस की अनुमति दिए जाने के बाद मस्जिद के अवैध हिस्से को गिराने का काम मस्जिद की छत से शुरू होगा। नेगी ने कहा कि विध्वंस में कम से कम पांच महीने लगेंगे क्योंकि यह सर्दियों का समय है और मस्जिद को गिराने के लिए धन की कमी है।
