February 16, 2026

ऑनलाइन मंगवाया था कुट्टू का आटा, 40 से अधिक लोग बीमार

ग्रेटर नोएडा में मचा हड़कंप

नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट (ग्रेनो वेस्ट) की इको विलेज-3, रॉयल कोर्ट और हिमालय प्राइड सोसाइटी में महाशिवरात्रि के व्रत के दौरान कुट्टू का आटा खाने के बाद 40 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। अधिकांश लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।निवासियों के अनुसार, रविवार को महाशिवरात्रि का व्रत खोलने के लिए कुट्टू के आटे से बने व्यंजन तैयार किए गए थे। सेवन के कुछ ही देर बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द, चक्कर और हाथ-पैर सुन्न होने जैसी शिकायतें होने लगीं। इको विलेज-3 सोसाइटी में 30 से अधिक लोग प्रभावित हुए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

हिमालय प्राइड सोसाइटी में भी 15 से अधिक लोगों के बीमार होने की सूचना है। सोसाइटी के निवासियों ने बताया कि सभी मरीजों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। एक निवासी ने बताया कि उनके परिवार के छह से सात सदस्य भर्ती हैं, जिनमें दो गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। लोगों का कहना है कि कुट्टू का आटा पास की एक स्थानीय मार्केट की दुकान से ऑनलाइन मंगवाया गया था। आटा पैकेटबंद नहीं, बल्कि खुला था। आशंका है कि उसी के सेवन से फूड प्वाइजनिंग की स्थिति बनी। मामले की सूचना खाद्य विभाग को दे दी गई है।

गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट में त्योहारों के दौरान फूड प्वाइजनिंग की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इससे पूर्व एक हॉस्टल सहित 300 से अधिक लोग बीमार पड़े थे। उस समय खाद्य विभाग ने नमूने जांच के लिए लैब भेजे थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *