कनाडा में मोहाली के छात्र की सड़क हादसे में मौत
मोहाली। कनाडा के ओंटारियो प्रांत में सड़क हादसे में पंजाब के मोहाली जिले की लालड़ू मंडी निवासी 22 वर्षीय छात्र अरमान चौहान की मौत हो गई। यह दुर्घटना 5 जनवरी को ओंटारियो के हाईवे-401 पर क्रामेह टाउनशिप के पास हुई। हादसे के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, जिसके चलते ओंटारियो प्रोविंशियल पुलिस (OPP) मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार अरमान अपने एक दोस्त के साथ मॉन्ट्रियल से टोरंटो की ओर जा रहा था। हादसे के समय वह पैदल था, लेकिन यह साफ नहीं हो पाया है कि वह व्यस्त हाईवे पर किन परिस्थितियों में पैदल पहुंचा। इसी बिंदु को लेकर जांच एजेंसियां असमंजस में हैं। OPP को सूचना मिली थी कि हाईवे की पश्चिमी लेन में एक कार ने एक पैदल यात्री को टक्कर मार दी है। मौके पर पहुंची पुलिस को मीडियन के पास एक कार खड़ी मिली। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अरमान की मौत उसी वाहन की टक्कर से हुई या किसी अन्य वाहन की चपेट में आने से। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और डैशकैम फुटेज खंगाल रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।
हादसे के बाद आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक अरमान की मौत हो चुकी थी। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही लालड़ू मंडी और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। अरमान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गया हुआ था।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। वहीं, शव को भारत लाने की प्रक्रिया में परिवार को आर्थिक और प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ओंटारियो प्रोविंशियल पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों और डैशकैम फुटेज रखने वाले लोगों से आगे आकर जांच में सहयोग करने की अपील की है।
