April 7, 2026

विधायक विवेक शर्मा ने सिविल अस्पताल बंगाणा में 18 लाख की अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन, कैंटीन व टीबी जागरूकता वाहन का किया शुभारंभ

अजय, बंगाणा, कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने आज सिविल अस्पताल बंगाणा में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के सहयोग से स्थापित लगभग 18 लाख रुपये की अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन, नई कैंटीन सुविधा तथा टीबी मुक्त समाज के लिए समर्पित जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना से अब क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक जांच सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और समय व धन दोनों की बचत होगी।
विधायक ने अस्पताल में शुरू की गई नई कैंटीन सुविधा को मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे उन्हें स्वच्छ, पौष्टिक एवं किफायती भोजन सहजता से उपलब्ध होगा, जिससे अस्पताल में आने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
टीबी मुक्त समाज के लिए समर्पित जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाते हुए उन्होंने कहा कि टीबी जैसी बीमारी के उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। यह वाहन गांव-गांव जाकर लोगों को टीबी के लक्षण, समय पर जांच एवं निःशुल्क उपचार के प्रति जागरूक करेगा और “टीबी मुक्त भारत” अभियान को गति प्रदान करेगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन नई सुविधाओं के आरंभ होने से अस्पताल की सेवाओं में गुणात्मक सुधार आएगा तथा मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन सेवाओं के प्रभावी एवं सुचारू संचालन हेतु समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
इस मौके पर कांग्रेस सचिव देशराज मोदगिल, उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) सोनू गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एस. के. वर्मा, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (एमएस) डॉ. संजय मनकोटिया, खंड विकास अधिकारी के. एल. वर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *