विधायक मलेंद्र राजन ने की ग्राम पंचायत डमटाल व तोकी में विकास कार्यों की समीक्षा
इंदौरा, 21 फरवरी। विधायक मलेंद्र राजन ने आज ‘आपका विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत डमटाल एवं तोकी में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ-साथ क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनी। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक कर पंचायत क्षेत्र में प्रगति पर चल रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी ली।
विधायक ने कहा कि पंचायत का कार्यकाल पूर्ण होने के बाद भी आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका बेहतर एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पेयजल, सड़कों, स्वच्छता, विद्युत तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। विधायक ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है, ताकि लोगों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। बैठक के दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनी गईं और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विधायक मलेंद्र राजन ने अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पंचायतों में चल रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां कहीं भी कार्य अधूरे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर बीडीओ सुदर्शन सिंह,संबंधित पंचायतों के कनिष्ठ अभियंता,तकनीकी सहायक,पंचायत सचिव तथा रोजगार सेवक उपस्थित रहे।
