बंगाणा में विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में की शिरकत
भुट्टो ने मीडिया के तीखे सवालों का सरलता और मधुर भाषी बनकर दिया जवाब
अजय कुमार, बंगाणा, कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने उपमंडल बंगाणा प्रेस क्लब से भेंट वार्ता के दौरान अपने आठ माह के कार्यकाल पर चर्चा की व भविष्य की रणनीति के बारे में जानकारी दी। प्रेस क्लब ने विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो को उनके जन्म दिवस पर बधाई देते हुए सम्मानित भी किया। देवेंद्र भुट्टो ने बंगाणा प्रेस क्लब के सभी सदस्यों जिनमें दलजीत शर्मा, जीवन शर्मा, नरेंद्र शर्मा, अजय शर्मा, राम सिंह, जी एस जस्सल, मनोज कुमार, अर्चित शर्मा आदि का धन्यवाद करते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रिंट मीडिया का जनता को बड़ा सहयोग है। मीडिया के माध्यम से ही सरकार की हर योजना जनता तक पहुंचती है और जनता की समस्याओं को मीडिया ही पुख्ता रूप से उठाकर सरकार तक पहुंचाता है। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि सन 2000 में जब उन्हें बीडीसी अध्यक्ष बंगाणा बनने का मौका मिला था, उसे समय से लेकर आज तक 23 वर्षों का उनका मीडिया के साथ संपर्क चला आ रहा है। उन्होंने कहा कि उनके मीडिया के साथ मधुर संबंध रहे हैं। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र का क्षेत्रफल बहुत अधिक है। भुट्टो ने कहा कि बीते दो माह में बाढ़ और भारी बरसात की स्थिति से कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में कुछ परिवारों को नुकसान हुआ है। हालांकि सूचना मिलते ही उन्होंने हर घटनास्थल पर जाने और मौका देखने की कोशिश की है। कुछ परिवारों को आर्थिक सहायता भी दी गई है लेकिन फिर भी कुछ परिवार अभी छूट गए हैं जहां वे अभी तक नहीं पहुंच सके। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि अपने आठ माह के कार्यकाल में वह कुटलैहड़ की हर समस्या को पुख्ता रूप से देखते आ रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र की कुछ समस्याओं को मुख्यमंत्री से समाधान भी करवा दिया है। कुछ अन्य कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की योजनाओं का एक मॉडल तैयार कर मुख्यमंत्री को दिया गया है जिसकी स्वीकृति भी प्रदान हो चुकी है। सभी योजनाओं का शिलान्यास करके कार्य प्रगति पर किया जाएगा।
विधायक बनने से पहले और बाद की दिनचर्या में बदलाव
देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि विधायक बनने से पूर्व वे सुबह 5:00 बजे उठ जाते थे व 7:00 बजे बंगाणा पहुंच जाते थे। लेकिन विधायक बनने के बाद ज्यादा मेलजोल होने के कारण घर पर अधिक समय लग जाता है। क्योंकि विधायक बनने के बाद जिम्मेदारियां ज्यादा हो जाती है और जनता को भी विधायक से अधिक उम्मीदें होती है।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि वह बैडमिंटन खेलने पसंद करते रहे हैं और और शारीरिक और मानसिक फिटनेस के लिए उन्हें इससे सहयोग मिला है। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि चुनावों में सभी दलों के नेता विपक्षी दल पर गर्म रहते हैं लेकिन चुनाव के बाद जीत या हार मिलने पर जो नेता बदले की भावना से कार्य करते हैं , राजनीतिक द्वेष भाव रखते हैं, ऐसे नेताओं को तुरंत संन्यास ले लेना चाहिए। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि उन्होंने खुले मंच से ऐलान किया था कि वे किसी प्रकार की बदले की भावना नहीं रखेंगे व ईमानदारी से कुटलैहड़ की जनता की सेवा करेंगे। पिछले आठ माह के कार्यकाल में उन्होंने बदले की भावना से कोई कार्य नहीं किया है।
