पीपलू मेले में कुटलैहड़ के लिए सीएम से बड़ी घोषणाएं करवाने की फिराक में विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो
1 min read
सीएम सुक्खू से विधायक भुट्टो के अच्छे संबंध होने का कुटलैहड़ को मिल रहा लाभ
भुट्टो के छह माह के कार्यकाल को कुटलैहड़ की जनता ने किया पसंद
अजय कुमार, बंगाणा, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो के अच्छे संबंध होने से कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को इसका सीधा लाभ मिलना शुरू हो गया है। कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने पूर्व भाजपा सरकार के समय शुरू किए गए कार्य जो बजट में धन न होने के कारण अटके थे, उन कार्यों को पूरा करने के लिए करोड़ों की धनराशि मुहैया करवा कर कार्य प्रगति पर करवा दिए हैं। कुछ अन्य योजनाएं जैसे जल शक्ति विभाग द्वारा पेयजल योजनाओं के लिए 60 करोड, खेल मैदान, मैरिज पैलेस और अन्य छोटे-छोटे कार्यों के लिए अलग बजट में धन स्वीकृत करवा कर कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की जनता को लाभ पहुंचाने का काम किया है। बड़ी बात यह भी है कि कुटलैहड़ की गरीब तबके से संबंधित जनता के राजस्व विभाग, पंचायती राज विभाग के छोटे-छोटे कार्य वर्षों से लटके हुए थे जिन्हें विधायक देवेंद्र कुमार के आशीर्वाद से उनके घर द्वार उनका समाधान किया गया है। वही विधायक देवेंद्र भुट्टो कुटलैहड़ के लिए कोई बड़ी योजना लाने की फिराक में है। क्योंकि 30 मई से शुरू होने जा रहे तीन दिवसीय जिला स्तरीय पीपलू मेले में राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में पहुंच रहे हैं। कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो मुख्यमंत्री के प्रवास पर जनता के लिए बड़ी घोषणाएं करवाने की फिराक में है। हालांकि देवेंद्र कुमार भुट्टो ने इस विषय पर जिला एवं उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक भी कर ली है लेकिन विधायक भुट्टो ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। बता दें कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की जनता देवेंद्र कुमार के 6 माह के कार्यकाल से संतुष्ट नजर आ रही है क्योंकि विधायक ने जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रखा है। हर किसी फरियादी की बात को गौर से सुन कर उनकी समस्या के समाधान के लिए कार्य कर रहे हैं। आम लोगों का मानना है कि विधायक बनने के उपरांत भी देवेंद्र कुमार भुट्टो में किसी प्रकार का बदलाव नहीं आया है व पहले की तरह वे सादगी व ऊर्जावान होकर जनता के साथ मेल मिलाप साध रहे हैं।
पीपलू मेले आगमन पर मुख्यमंत्री देंगे कुटलैहड़ को बड़ी सौगात
ज्ञात रहे कि सुक्खू सरकार के 6 माह के कार्यकाल में विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कुटलैहड़ के बहुचर्चित लठियानी- मंदली पुल की स्वीकृति एवं 900 करोड़ की धनराशि का प्रावधान करवा दिया है। मुख्यमंत्री पहली बार कुटलैहड़ प्रवास पर होंगे और कुटलैहड़ के बड़े धार्मिक स्थल पीपलू मेले के मंच से मुख्यमंत्री कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को कोई बड़ी सौगात दे सकते हैं। बताते चलें कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र और नादौन विधानसभा की सीमाएं आपस में मिलती है नादौन मुख्यमंत्री का गृह विधानसभा क्षेत्र है। ऐसे में कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो इसका भरपूर फायदा उठाने की फिराक में नजर आते हैं।
मुख्यमंत्री का कुटलैहड़ आगमन पर करेंगे जोरदार स्वागत: भुट्टो
कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से पीपलू मेले आगमन पर उनकी चर्चा हो चुकी है और मुख्यमंत्री के कुटलैहड़ आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुविधाओं के लिए जो उनकी मांगे रहेगी उन पर भी मुख्यमंत्री से चर्चा हो चुकी है। भुट्टो ने कहा कि उनका उद्देश्य कुटलैहड़ को विकास का मॉडल बनाना है।