धमांदरी स्कूल में विधायक देवेंद्र भुट्टो ने 40 छात्रों को वितरण किये लैपटॉप
लाखों के बजट का प्रावधान करके हम ने एक वर्ष में कुटलैहड़ विस क्षेत्र में शिक्षा क्षेत्र को किया सुदृढ़: देवेंद्र भुट्टो
अजय कुमार, बंगाणा, कुटलैहड़ विस क्षेत्र शिक्षा के साथ साथ खेल गतिविधियों में भी राज्य ही नहीं बल्कि देश मे अपना नाम चमकायेगा। उसके मूलभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए हमने अपने एक वर्ष के कार्य काल में काम किया है। यह शब्द कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र भुट्टो ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धमांदरी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करके सम्बोधन में कहे। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ विस क्षेत्र के प्राइमरी स्कूलों के मूलभुत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए उन्होंने विधायक बनने के बाद सीएम के पास इस समस्या को रखा और 70 लाख बजट का प्रावधान करके शिक्षा के क्षेत्र में नन्हे मुन्ने बच्चों को बैठने के लिए करीब 30 कमरे, स्कूल के लिए चारदिवारी, स्कूल परिसर में प्रार्थना सभा एवम स्कूल की अन्य समस्याओं का समाधान किया है। उन्होंने कहा कि जब सरकारी स्कूलों में छात्रों के लिए पूर्ण सुबिधा होंगी तभी सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या बढ़ेगी। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि राज्य में सरकार बनते ही उन्होंने कुटलैहड़ विस क्षेत्र के सभी प्रिंसीपल, मुख्याध्यापकों एवम स्कूल स्टाफ से बैठक करके कुटलैहड़ के सभी सरकारी स्कूलों की समस्याओं को जाना और कुटलैहड विस क्षेत्र के सरकारी स्कूलों की समस्याओं के समाधान के लिए बजट में प्रावधान करवाया है।उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विस क्षेत्र में 4 बड़े स्तर के इंडोर स्टेडियम बनाने के लिए धन मुहैया करवाया है जिसमें से 2 इंडोर स्टेडियम का भूमि पूजन करके कार्य शुरू करवा दिया है। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि उनका उद्देश्य सत्ता सुख का साधन नहीं बल्कि कुटलैहड़ विस क्षेत्र में जनता की समस्याओं के समाधान व कुटलैहड विस क्षेत्र को विकास का मॉडल तैयार करना है। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करके कुटलैहड़ विस क्षेत्र से पूर्व एडीजीपी कश्मीर सिंह राणा, बॉलीबॉल टीम के अंतराष्ट्रीय कप्तान कँवर सुरजीत सिंह राणा जैसे कई बड़े पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके है या फिर दे रहे है। देवेंद्र भुट्टो ने छात्रो को नशे से दूर रहने एवम पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में रुचि बढाने के लिए प्रेरित किया। स्कूल में टॉपर रहे 40 छात्रों को देवेंद्र भुट्टो ने लैपटॉप वितरित किए। स्कूल पहुंचने और देवेंद्र भुट्टो का भव्य स्वागत किया गया और स्कूल स्टाफ एवम एसएमसी द्वारा मुख्यातिथि को सम्मानित किया गया। स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। प्रिंसीपल द्वारा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई और स्कूल की कुछ मांगे भी रखी गई। देवेंद्र भुट्टो ने स्कूल के लिए 2 कमरे, मिड डे मील के शैड निर्माण के लिए 3 लाख, प्रार्थना सभा के मंच के लिए एक लाख, हरिजन बस्ती में कुएं के लिए एक लाख, धमांदरी स्कूल के खेल मैदान के लिए पंद्रह लाख व सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 11 हजार देने की घोषणा की। इस मौके पर कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राम आसरा शर्मा, स्कूल स्टाफ एवम अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
