शौर्य चक्र कुलदीप के घर से मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत मिट्टी लेकर दिया संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्म दिवस पर 13000 करोड रुपयों से युवाओं हेतु स्वरोजगार की नींव रखी: वीरेंद्र कंवर
अजय कुमार, बंगाणा, कुटलैहड़ भाजपा मंडल द्वारा बंगाणा पंचायत में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष चरणजीत शर्मा द्वारा की गई। बंगाणा मंडल में इस कार्यक्रम के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शौर्य चक्र विजेता कमांडेंट कुलदीप सिंह राणा ने विशेष रूप से उपस्थित होकर मेरे मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत घर की मिट्टी कलश में डाली। वहीं कार्यक्रम में वीरेंद्र कंवर ने अपने संबोधन में कहा कि देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्म दिवस पर देश के निचले स्तर के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 13000 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करके उन्हें घर द्वार स्वरोजगार देने पर बल दिया है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि 17 सितंबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर सेवा सप्ताह भाजपा द्वारा शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि मेरी माटी मेरा देश अभियान कार्यक्रम पूरे देश भर में तीन चरणों में चलाया जा रहा है। तीसरे व अंतिम चरण में 31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7500 बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर इस इकट्ठी की गई माटी से दिल्ली में अमृत वन बनाने की योजना की विस्तृत जानकारी देंगे। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि देश में अमृत काल में माटी का वंदन अभियान सार्थक एवं नितांत आवश्यक प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि यह अभियान राष्ट्रीय आस्था और विश्वास का प्रतीक है। इस अभियान में कार्यकर्ता अग्रणी भूमिका अदा करेंगे। भारत के इतिहास पर जब दृष्टिपात करते हैं तो इस धरती माता की रक्षा के लिए हर काल में लाखों लाखों लोगों ने अपना बलिदान दिया है। आज 1000 साल की गुलामी के बाद भी भारतीय संस्कृति को समेटे हुए हैं। इस धरती माता के लिए मर मिटने वालों के लिए सदा सदा से मेले लगते रहे हैं। महाराणा प्रताप आज इसलिए पूजनीय है क्योंकि उन्होंने गुलामी को स्वीकार नहीं किया और भारत माता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। गुरु गोविंद सिंह भी इसलिए पूजनीय है कि उन्होंने धर्म की रक्षा हेतु विश्व का सबसे बड़ा बलिदान दिया जिसमें स्वयं का बलिदान, पिता का बलिदान, चार पुत्रों का बलिदान मुख्य है। सरदार भगत सिंह राजगुरु, चंद्रशेखर आजाद, अशफाक उल्ला खान, वीर सावरकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लाला लाजपत राय, रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे, कृष्णदेव राय, छत्रसाल बिरसा मुंडा जैसे हजारों बलिदानियों के नाम लिए जा सकते हैं जिन्होंने इस देश की माटी की सौगंध खाकर अपना सर्वस्व न्योछावर करते हुए देश की रक्षा की। उन्होंने कहा कि देश की नौजवान पीढ़ी भी भारत की सीमाओं की रक्षा करते हुए बलिदान को सहर्ष स्वीकार कर मां भारती के चरणों में अपने प्राणों की आहुति देने से पीछे नहीं है। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष चरणजीत शर्मा, जिला ऊना भाजपा उपाध्यक्ष बलराम बबलू, महामंत्री मास्टर रमेश शर्मा, ब्लॉक समिति अध्यक्ष देवराज देबू, स्थानीय प्रधान विजय शर्मा, उप प्रधान अजय शर्मा, सुरम सिंह राजेंद्र मलांगड़, बीडीसी सदस्य राजेंद्र रिंकू, राजकुमार, सुशील कुमार, संजीव कुमार, देशपाल, मनमोहन शारदा, जसबीर बिट्टा, अंकुश इत्यादि उपस्थित रहे।
