विधानसभा के घेराव व आक्रोश रैली को लेकर बैठक का आयोजन
रजनीश, हमीरपुर: भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर में 27 मार्च को विधानसभा के घेराव व आक्रोश रैली को लेकर जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर के अध्यक्षता में बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश के प्रवक्ता व हमीरपुर जिला के रैली के प्रभारी महेंद्र धर्मानी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
महेंद्र धर्मानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 27 मार्च को विधानसभा के बाहर विशाल प्रदर्शन करने जा रही है। प्रदेश में माफिया पनप रहा है, अधिकारी परेशान हैं, आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं, चिटा का बढ़ता हुआ प्रभाव है, उससे हमारे युवा दिन प्रतिदिन अपनी जिंदगी खो रहे हैं। कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर हैं। सरकार ने जो झूठी गारंटियां दी थी उनको सरकार पूरा करने में पूरी तरह से विफल रही है, ऐसे सभी मुद्दों को लेकर 27 मार्च को शिमला विधानसभा के बाहर एक विशाल प्रदर्शन भारतीय जनता पार्टी करने जा रही है। उस प्रदर्शन में पूरे प्रदेश भर से हजारों की संख्या में लोग हिस्सा लेंगे। उसी की तैयारी के लिए व उस की योजना के लिए आज की हमारी यह बैठक है। हमीरपुर जिला से हजारों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, समर्थक, और जन सामान्य लोग इस रैली में हिस्सा लेंगे। इस भ्रष्ट और निकम्मी सरकार को उखाड़ने का संकल्प लेकर हम उस दिन शिमला की और कूच करेंगे। पंजाब में जिस प्रकार से घटना घटी है, उसे लेकर दोनों सरकारों को इस पर संयम से काम लेना चाहिए। वहां की सरकारों से बात करके इस समस्या का समाधान करने की जरूरत है। महेंद्र धर्मानी ने आए हुए सभी मंडल अध्यक्षों एवं मंडल में प्रभारी लगाए गए हैं उनको भी निर्देश दिए हैं कि वे सभी मंडलों का प्रवास करें और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से मिलें। किस तरह कार्यकर्ताओं को इस रैली के लिए व्यवस्था करनी है उसके लिए बैठक करें और रणनीति तैयार करें।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के अलावा पूर्व महामंत्री अजय रिंटू, सभी 10 मंडलों के अध्यक्ष, जिला की तरफ से सभी 10 मंडलों पर लगाए गए प्रभारी इस बैठक में उपस्थित रहे।
