February 25, 2026

नारको समन्वय केंद्र (एनसीओआरडी) की बैठक आयोजित

उपायुक्त ने अवैध नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले अपराधियों के विरूद्घ सख्त कार्यवाही करने की दी हिदायत
हिसार, उपायुक्त उत्तम सिंह ने स्थानीय लघु सचिवालय परिसर स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस सभागार में नारको समन्वय केंद्र (एनसीओआरडी) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को अवैध नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले अपराधियों के विरूद्घ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों में कठोर दंड का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त दोहराए गए अपराधों में डेढ़ गुणा जुर्माना और कुछ मामलों में मौत की सजा का भी प्रावधान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन संवाद कार्यक्रमों में जागरूकता अभियान चलाया जाए एवं ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रमों में जन भागीदारी सुनिश्चित की जाए। जिले में पुलिस विभाग द्वारा रात्रि डोमिनेशन अभियान चलाए जाते हैं। अपराधियों को धरपकड़ के लिए अलग-अलग स्थानों पर विशेष नाके व पुलिस के गश्त बल को तैनात करके संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की जांच की जाती है। उपायुक्त ने बताया कि कानून तोडऩे वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाती है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस विभाग की जांच में ड्यूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में कानूनी प्रक्रिया पूर्ण की जाती है। स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ अधिनियम,1985 के सेक्शन-42 में ड्यूटी मजिस्ट्रेट की ड्यूटी निर्धारित है, इसमें तीन विभाग पुलिस, राजस्व तथा उत्पाद एवं कराधान आदि शामिल है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक्ट के तहत अधिकारियों को ज्यादा सतर्कता के साथ कर्तव्य निर्वहन करना होगा और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अनुपस्थिति में अन्य अधिकारी की ड्यूटी निर्धारित करना भी सुनिश्चित किया जाए। नशा मुक्ति अभियानों की जागरूकता बढ़ाने हेतु प्रत्येक उपमंडल अधिकारी को अतिरिक्त 50 हजार रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे। सामान्य अस्पताल में मनोचिकित्सक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे कोई भी परिवार नशे से ग्रसित व्यक्ति का ईलाज करवा सकता है।
इस अवसर पर इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नीरज, पुलिस अधीक्षक गंगा राम पुनिया, बरवाला की एसडीएम विजया मलिक, नारनौंद के एसडीएम विकास यादव, जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप सिहाग सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *