हिमाचल में एवलांच से कई गाड़ियां टकराईं, 350 सड़कें बंद
शिमला – देश के राज्यों में माैसम ने करवट ली है। हिमाचल के सोलंग में आज एवलांच (हिमस्खलन) हुआ। सोलंग में नेहरू कुंड के पास एवलांच के चलते कई गाड़ियां पलट गईं। ये गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी थीं। घटना को लेकर ज्यादा जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रेड अलर्ट के बीच बर्फबारी लगातार जारी है।
शिमला सहित अन्य क्षेत्रों में बारिश हो रही है। शनिवार सुबह 10 बजे तक बर्फबारी से चार राष्ट्रीय राजमार्ग और 350 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। 1314 बिजली ट्रांसफॉर्मर 10 पेयजल योजनाएं ठप हैं। दरअसल जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे से बारिश-बर्फबारी हो रही है। दोनों राज्यों में आज रेड अलर्ट है। खराब मौसम के चलते राजौरी जिले में सभी स्कूल आज बंद कर दिए गए हैं। बनिहाल और रामबन सेक्टर के बीच कई जगह लैंडस्लाइड हुई। इससे श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे बंद हो गया।
