December 22, 2025

भारतीय सैनिकों की जवाबी कार्रवाई में कई पाकिस्तानी सैनिक ढेर

श्रीनगर: सर्दियां खत्म होने से पहले पाकिस्तान की ओर से आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के प्रयास तेज हो गये हैं। लेकिन भारतीय सेना कश्मीर में घुसने का प्रयास करने वाले हर घुसपैठिये को तत्काल जहन्नुम की सैर पर भेज रही है। इसलिए सेना का ध्यान बंटाने के मकसद से पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी की जिसका ऐसा जवाब दिया गया है कि पाकिस्तान पूरी तरह चकरा गया है और अपने हताहत हुए सैनिकों की गिनती तक नहीं कर पा रहा है। आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के उस पार से बिना उकसावे के की गई गोलीबारी का भारतीय सेना ने बुधवार को मुंहतोड़ जवाब दिया, जिसमें काफी संख्या में पाकिस्तानी सैनिक हताहत हुए। सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। हालांकि पाकिस्तान की तरफ हुए नुकसान की जानकारी तत्काल नहीं मिल पाई है, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि दुश्मन सेना को भारी नुकसान हुआ है। भारतीय सेना ने इस जानकारी की न तो पुष्टि की और न ही खंडन किया।अधिकारियों ने बताया कि कृष्णा घाटी सेक्टर में पाकिस्तान द्वारा संघर्ष-विराम का उल्लंघन ऐसे समय में किया गया, जब एक दिन पहले ही जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में एक कैप्टन सहित दो भारतीय सैन्यकर्मियों की जान चली गई थी। हम आपको बता दें कि भारत और पाकिस्तान द्वारा 25 फरवरी 2021 को संघर्ष-विराम समझौते को नवीनीकृत करने के बाद से नियंत्रण रेखा पर संघर्ष-विराम उल्लंघन की बहुत कम घटनाएं दर्ज की गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा पर तारकुंडी क्षेत्र में अग्रिम चौकी पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर संघर्ष-विराम का उल्लंघन किया, जिसका भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *