February 15, 2026

गुरुद्वारा मजनू का टीला साहिब के पास विसर्जित की गई मनमोहन सिंह की अस्थियां

नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के एक दिन बाद उनके परिवार ने रविवार को उनकी अस्थियों का विसर्जन किया। दिल्ली के गुरुद्वारा मजनू का टीला साहिब के पास पूर्व प्रधानमंत्री की अस्थियों को विसर्जित किया गया है। शनिवार को, निगमबोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ सिंह का अंतिम संस्कार किया गया था।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का शनिवार को दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित निगमबोध घाट पर उनके परिवार, मित्रों, सहकर्मियों और सरकारी गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया था। सिख रीति-रिवाजों के अनुसार वीआईपी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। डॉ. सिंह के पार्थिव शरीर को चंदन की लकड़ियों की चिता पर रखा गया था।

कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर करवाकर केंद्र सरकार ने भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री का सरासर अपमान किया है। भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर पलटवार किया और उस पर मनमोहन सिंह के निधन को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। नड्डा ने कहा कि इस घटिया सोच के लिए कांग्रेस की जितनी भी निंदा की जाए कम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *