दियोली में स्थित श्री शनिदेव मन्दिर में आज से शुरु हो रही महा शिवपुराण कथा
ऊना/सुखविंदर/ गगरेट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत दियोली में स्थित श्री शनिदेव मन्दिर में 20 जुलाई से शुरु हो रही महा शिवपुराण कथा के उपलक्ष्य में बुधवार शाम को दियोली में बैंड बाजों के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, और पूरा दियोली भोलेनाथ के भजनों से सराबोर हो गया। शोभा यात्रा श्री शनिदेव मन्दिर से शुरू होकर ठाकुरद्वारा मन्दिर से होते हुए पूरे दियोली गांव में निकाली गई। श्री शनिदेव मन्दिर कमेटी के सदस्य सत पाल ने पवित्र श्री शिव पुराण को अपने सिर पर धारण कर व महिलाओं ने अपने अपने सिरों पर पवित्र कलशों को धारण कर बैंड बाजों के साथ व भोलेनाथ के भजनों तथा जयकारों के साथ पूरे दियोली गांव की परिक्रमा की। ठाकुरद्वारा मन्दिर कमेटी की ओर से यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए चाय पान का प्रबन्ध भी किया गया था। इस अवसर पर गांव के नन्हे कलाकारों द्वारा भगवान के विभिन्न स्वरूपों की झांकी भी निकाली गई। शिव महापुराण कथा मन्दिर परिसर में 20 जुलाई से 27 जुलाई तक चलेगी। शिव महापुराण के ज्ञाता शास्त्री बृज मोहन मिश्रा जी इस दौरान सायं 4 बजे से सात बजे तक शिव महापुराण का व्याख्यान किया करेंगे और कार्यक्रम का समापन 28 जुलाई को भंडारे के साथ होगा। कमेटी की ओर से श्रोताओं के लिए रोजाना भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
