February 15, 2026

किसानों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं बारे जागरूक किया

संदीप गिल, नंगल, 20 सितंबर, पंजाब के कैबिनेट मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों को विशेष जागरूकता शिविर लगाकर पंजाब सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेषज्ञों को पर्यावरण एवं पेयजल संरक्षण के लिए किसानों को जागरूक करने के भी निर्देश दिए हैं। इसी के तहत मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. गुरबचन सिंह के नेतृत्व में कृषि विभाग द्वारा गांव बेला ध्यानी में धान की पराली और अपशिष्ट जल के रखरखाव के लिए एक किसान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पशुपालन एवं स्वास्थ्य विभाग ने भी भाग लिया। मुख्य कृषि अधिकारी ने किसानों को बताया कि धान के अवशेषों व पराली में आग नहीं लगानी चाहिए, आग लगाने से मिट्टी में मौजूद मित्र कीट मर जाते हैं तथा आवश्यक पोषक तत्व भी नष्ट हो जाते हैं। आग लगाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है और कभी-कभी यह धुआं दुर्घटनाओं का कारण भी बनता है। डॉ. गुरबचन सिंह ने कहा कि पराली के रखरखाव के लिए किसानों को सब्सिडी के आधार पर कृषि मशीनरी उपलब्ध करवाई गई है, जिससे किसान पराली का रखरखाव कर इसका लाभ उठा सकते हैं। कृषि अधिकारी डॉ.रणजोध सिंह ने किसानों को विभाग द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी दी तथा धान की फसल की उन्नत तकनीक की जानकारी दी।अमरजीत सिंह कृषि विकास अधिकारी ने किसानों को पराली प्रबंधन के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीनरी जैसे सुपर सीडर, सरफेस सीडर और स्मार्ट सीडर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिविर में प्रधानमंत्री किसान निधि सम्मान योजना का लाभ उठाने बारे बताया गया तथा नये किसानों का केवाईसी भी कराया गया।पशुपालन विभाग से डॉ. ज्योति ने किसानों को विभाग द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी दी तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी योजनाओं की जानकारी दी गयी। इस मौके पर विरिंदर सिंह, राज कुमार, हरप्रीत सिंह, अमर सिंह और किसान करनैल सिंह, नाजेर सिंह, गुलविंदर सिंह, सरपंच रविंदर कुमार, राम कुमार, सोहन लाल मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *