February 19, 2026

लुधियाना में लिव-इन में रह रहे मां-बेटे की तेजधार हथियार से हत्या

लुधियाना: हैबोवाल स्थित प्रेम विहार में मां-बेटे की तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। चार दिन बाद जब बदबू फैली तो मोहल्ले के लोगों को पता चला। उन्होंने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी।

इसके बाद थाना हैबोवाल और चौकी जगतपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। जिसने मृतक सोनिया (41) और उसके बेटे कार्तिक (10) के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचाया। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने शक के आधार पर एक शख्स को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।

पुलिस के मुताबिक सोनिया सफाई सेवक का काम करती थी और अपने बेटे कार्तिक के साथ रहती थी। उसका अपने पति से विवाद चल रहा था, जिसकी वजह से वह तीन-चार साल से अलग रह रही थी। इलाके के लोगों ने पुलिस को बताया कि पिछले काफी दिनों से सोनिया को किसी ने नहीं देखा था।

बुधवार को मोहल्ले में रहने वाली महिलाएं उससे मिलने के लिए गईं। जब वो गेट से अंदर गईं, तो वहां काफी बदबू आ रही थी, जिससे महिलाओं को शक हुआ और लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने फारेंसिक एक्सपर्ट को बुलाया और वहां से सबूत इकट्ठा करने के बाद शवों को सिविल अस्पताल में रखवा दिया। इसके बाद सोनिया के पति सुनील को बुलाया और शव की शिनाख्त करवाई।

शवों की हालत गली-सड़ी थी। जिससे पुलिस ने अंदाजा लगाया है कि उक्त दोनों की मौत 3 से 4 दिन पहले हुई हो सकती है। क्योंकि उनके शवों पर खून भी जम चुका था।

पुलिस के अनुसार इन दोनों मां-बेटे की हत्या तब हुई, जब ये दोनो सो रहे थे। जोकि रात 2 से 3 बजे के बीच हुई हो सकती है। क्योंकि दोनों की तरफ से खुद को बचाने के लिए किसी भी तरह की जद्दोजहद नहीं की गई।

चौकी इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि सोनिया लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी। लेकिन जिस शख्स के साथ रह रही थी, वो पिछले एक महीने से यहां नहीं आया था। उससे पूछताछ की जा रही है। अभी तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *