March 10, 2026

सीएम आवास घेराव करने जा रहे ‘आप’ पदाधिकारियों पर लाठीचार्ज

कुरुक्षेत्र : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी पदाधिकारियों और सैंकड़ों समर्थकों ने शनिवार को कुरुक्षेत्र में सीएम नायब सैनी के आवास का घेराव किया। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने जा रहे आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों और समर्थकों पर पुलिस ने वाटर कैनन समेत बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया।

इस दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता और वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा लाठीचार्ज में गंभीर घायल हो गए। अनुराग ढांडा के सिर पर लाठियों से वार किया गया। वहीं, डा. सुशील गुप्ता के शरीर और पैरों पर गंभीर चोट आईं। काफी पार्टी कार्यकत्र्ताओं को भी गंभीर चोटें आईं। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने पुलिस पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। इस दौरान 20 से ज्यादा लोगों को हाथ और पैर में फ्रेक्चर आए। वहीं, बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी कार्यकत्र्ताओं को चोटें आईं।

डा. सुशील गुप्ता ने कहा कि आज पुलिस ने हमारे कार्यकत्र्ताओं पर लाठियां बरसाई हैं, जिसमें हमारें सैंकड़ों कार्यकत्र्ता घायल हुए हैं। यह बड़ी शर्म की बात है कि जब जब पीएम मोदी डरता है, तो पुलिस को आगे करता है और आज कुरुक्षेत्र में भी ऐसा ही हुआ। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल से भाजपा डरी हुई है क्योंकि भाजपा की विदाई निश्चित हो चुकी है। झूठे केस में 2 साल से सत्येंद्र जैन को और डेढ़ साल से मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर रखा है। अब उसी झूठे केस में अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन भाजपा पिछले 2 साल में 1 हजार के ऊपर रेड करा चुकी है, डेढ़ हजार अफसरों की टीम लगी हुई है और 5 रुपए भी बरामद नहीं हुए। उन्होंने कहा सुप्रीम कोर्ट ने भी इस केस में कहा है कि 4 दिन भी यह केस नहीं चल पाएगा। भाजपा को पता है कि मोदी को हटाने का काम अरविंद केजरीवाल ही करेगा इसलिए आज अरविंद केजरीवाल को चुनाव-प्रचार से रोकना चाहते हैं। अरविंद केजरीवाल पर दबाव डाल कर इंडिया गठबंधन को तोडऩा चाहते हैं, लेकिन अरविंद केजरीवाल इनकी गीदड़ भभकियों से डरने वाले नहीं हैं

*आज अन्याय, अधर्म और अत्याचार का गवाह बना कुरुक्षेत्र :  ढांडा – आप के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र आज अन्याय, अधर्म और अत्याचार की गवाह बनी है। हम शांतिपूर्ण तरीके से यहां धरना प्रदर्शन करने के लिए आए क्योंकि इन्होंने कायरतापूर्ण कार्रवाई करते हुए एक सिटिंग सीएम को रात के अंधेरे में गिरफ्तार करके जेल में डाला, उसके खिलाफ प्रदर्शन करने आए थे। मगर हम कब से कह रहे हैं कि इस देश में अब लोकतंत्र नहीं बचा। हमें लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन नहीं करने दिया, हमारे सिर पर लाठियां मारी हैं। किस लोकतंत्र में ऐसा होता है कि यदि कोई राजनीतिक कार्यकर्ता प्रदर्शन करे, तो उनके सिर पर लाठियां मार कर उनका खून बहाया जाए और पुरुष पुलिस कर्मी महिलाओं की गर्दन पकड़े। इस तरीके को अत्याचार और अन्याय केवल भाजपा के राज में हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *