कुमारी सैलजा का हरियाणा सरकार पर हमला, ‘कागजों में ही दौड़ रही हैं स्वास्थ्य सेवाएं’
सिरसा : कांग्रेस की महासचिव एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि एक ओर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार विकास को लेकर अपनी ही पीठ थपथपाने में लगी हुई है जबकि प्रदेश की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रही है। सैलजा ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी जैसे मूलभूत सुविधााएं कागजों में कैद होकर रह गई है। प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं सबसे अधिक लचर है, कहीं अस्पताल के फर्श पर तो कहीं अस्पताल के बाहर डिलीवरी हो रही है, कही डॉक्टर नहीं है, डॉक्टर है तो दवा नहीं है, पैरामेडिकल स्टाफ नहीं है।
सरकारी अस्पताल रेफर सेंटर बनकर रह गए हैं। आयुष्मान कार्ड पर मरीजों को गुमराह किया जा रहा है, डॉक्टरों का भुगतान न होने पर ऐसे मरीजों को उपचार तक नहीं मिल रहा है। ये जनता सब जानती है उसे गुमराह नहीं किया जा सकता, दस साल से खून का घूंट पी रही जनता ने अब भाजपा सरकार को चलता करने का मन बना लिया है और इस चुनाव में वोट की चोट से भाजपा को जनता सबक सिखाकर रही रहेगी।
सैलजा ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मानकों के अनुसार ग्रामीण इलाकों में हर नागरिक को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पांच हजार की आबादी पर एक उप स्वास्थ्य केंद्र, 30 हजार की आबादी के लिए एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और 80 हजार से 1.20 लाख की आबादी पर एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) होना चाहिए। प्रदेश में 2667 उपस्वास्थ्य केंद्र, 532 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 128 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। वर्तमान आबादी की जरूरतों के हिसाब से 634 उपस्वास्थ्य केंद्रों, 81 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और 53 सामुदायिक केंद्रों की कमी बनी हुई है।
