कोलकाता रेप व हत्या कांड पीड़िता के पिता ने अमित शाह से मांगी मदद, बोले “घोर मानसिक तनाव में हैं”
कोलकाता : आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई दुष्कर्म और हत्या की घटना से आहत पीड़िता के पिता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात का अनुरोध किया है। उन्होंने एक पत्र में कहा है कि वह इस मामले में न्याय दिलाने के लिए मंत्री जी से मार्गदर्शन चाहते हैं।
पीड़ित पिता ने पत्र में लिखा, हमारी बेटी के साथ जो हुआ है, उससे हम मानसिक रूप से बहुत टूट गए हैं। हम असहाय महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर मंत्री जी से बात करना चाहते हैं और इस मामले के कुछ पहलुओं पर चर्चा करना चाहते हैं।
गौरतलब है कि इस घटना के बाद पूरे पश्चिम बंगाल में हंगामा मचा हुआ है। राज्य के जूनियर डॉक्टरों ने इस घटना के विरोध में हड़ताल पर चले गए थे। इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है।
पीड़िता की मां ने भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अमित शाह उन्हें समय देंगे। उन्होंने कहा, मैं उन्हें उस मानसिक पीड़ा के बारे में बताऊंगी जो हम अपनी बेटी को अबतक न्याय नहीं मिलने की वजह से महसूस कर रहे हैं।
