कल से खुलेगा किरतपुर नेरचौक फोरलेन
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने किरतपुर नेरचौक हाईवे को खोलने की इजाजत दे दी है। कल सुबह 8:00 बजे से यह हाईवे वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। पंजाब के किरतपुर से नेरचौक तक इस हाईवे पर अधिकतम 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ही गाड़ी चलाने की अनुमति दी गई है। इससे अधिक स्पीड पर गाड़ी चलाने पर वाहन का ऑटोमेटिक चालान हो सकेगा। इस फोरलेन हाईवे के बनने से किरतपुर से नेरचौक की दूरी 37 किलोमीटर कम हो जाएगी। इसके अलावा इस मार्ग पर गहरे मोड न होने के कारण वाहन चालकों को गंतव्य तक पहुंचने में और भी कम समय लगेगा। पिछले दिनों हिमाचल दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा था कि इस सड़क मार्ग का उद्घाटन वे प्रधानमंत्री से करवाएंगे। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि किरतपुर से नेरचौक तक इस फोरलेन का कभी भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उद्घाटन करवाया जा सकता है। इस फोरलेन सड़क मार्ग पर गरमोड़ा और बलोह में टोल प्लाजा भी शुरू कर दिए जाएंगे। टोल प्लाजा पर रेस्टोरेंट व प्राथमिक उपचार की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेगी।
