ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर श्री हरमंदिर साहिब में लगे खालिस्तानी नारे
भिंडरावाले के पोस्टर और तलवारें भी लहराईं
अमृतसर : ऑपरेशन ब्लू स्टार की 40वीं बरसी पर अमृतसर में सिख समुदाय के लोगों ने खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए। श्री अकाल तख्त साहिब के बाहर तलवारें भी लहराई गईं। खालिस्तान समर्थन में नारे लगाने के साथ लोगों ने जरनैल सिंह भिंडरावाले की तस्वीर लगे पोस्टर भी लहराए।
ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर श्री अकाल तख्त साहिब पर ऑपरेशन में मारे जाने वाले सिखों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई है। श्री अखंड पाठ के भोग के बाद आयोजित अरदास में 1984 में उसे समय की सरकार द्वारा करवाए गए ऑपरेशन के लिए कांग्रेस पार्टी की निंदा की गई है। अरदास में कहा गया है कि सिख कौम इस घटना को कभी भी नहीं भुला सकती है। सिखों के जख्म सदैव रिसते रहेंगे।
पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दूसरी तरफ ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी को लेकर श्री हरि मंदिर साहिब से लेकर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। श्री हरि मंदिर साहिब में सादे कपड़ों में पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं। सुरक्षाबलों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई है। किसी भी अप्रिय घटना पर नजर रखी जाएगी।
