भंजाल में शीघ्र खोला जाए केंद्रीय विद्यालय:सुशील कालिया
दौलतपुर चौक( संजीव डोगरा)
भंजाल वार्ड से जिला पार्षद सुशील कालिया ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मांग की है कि इस क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय शीघ्र अति शीघ्र खोला जाए,ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को घर द्वार पर गुणवत्ता आधारित शिक्षा मिल सके। सुशील कालिया ने बताया कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि स्थानीय सांसद एवम केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर क्षेत्र की जनता की इस चिरप्रतीक्षित मांग को पूरा करने में उसी तरह पूरा जोर लगा देंगे जिस तरह अनुराग ठाकुर ने पहले दौलतपुर चौक तक रेल पटरी बिछाने का कार्य पूरा करवा कर रेल नेटवर्क से जोड़ दिया
भारत की राजधानी दिल्ली एवम साबरमती से दौलतपुर चौक के लिए सीधी ट्रेन सेवा देखकर हर क्षेत्रवासी का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अब दौलतपुर चौक रेल लाइन को तलवाड़ा/मुकेरियां से जोड़ने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य चलवा रखा है। यही वजह है कि क्षेत्र की जनता उन्हें पलकों पर बैठा कर रखती है। सुशील कालिया ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने केंद्र एवम प्रदेश सरकार के बीच सेतु का कार्य करते हुए इथेनॉल प्लांट दिलाया जिसके स्थापित होने से सैकडों लोगो को प्रत्यक्ष एवम अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। इसके अलावा अम्बोटा में इंडोर स्टेडियम प्रदान करके युवाओं की एनर्जी को सही पथ पर लगाने का अच्छा प्रयास किया है। जिला पार्षद सुशील कालिया ने कहा कि जोह में हुई दो चोरियों के मामले में अज्ञात चोर लाखों रुपये की नकदी एवम गहने चुरा कर ले गए लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं और जनता परेशान है। उन्होंने एसपी ऊना से इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए जांच तेज करने की मांग की है ताकि लोग चैन की नींद सो सकें। जिला पार्षद सुशील कालिया ने क्षेत्र में फलते फूलते नशा माफिया पर भी लगाम कसने की मांग की है,ताकि युवा पीढ़ी नशे की गर्त में धंसने से बच सके। उन्होंने सरकार से मांग की है कि मरवाड़ी-जोह खड्ड पर गत दिनों बारिश से बहे कॉज वे की जगह पुल बनाया जाए ताकि लोगो को आवागमन में हो रही दिक्कतों से स्थायी छुटकारा मिल सके।
