केजरीवाल इस संकट के बाद और बड़े नेता बनकर उभरेंगे : भगवंत मान
चंडीगढ़ : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केजरीवाल को भाजपा की राजनीतिक टीम ईडी ने बिना कोई सबूत के गिरफ्तार कर लिया जो लोकतंत्र की हत्या है। अरविंद केजरीवाल के परिवार से मुलाकात के बाद दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि देश में ये स्थिति कई सालों से चली आ रही है। सरकारी एजेंसियों को हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। अगर विपक्ष का कोई नेता भाजपा के अत्याचारों के खिलाफ बोलता है तो ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग उनके घर आ जाते हैं। देश के मौजूदा हालात अघोषित आपातकाल जैसे हैं। मान ने कहा कि एक व्यक्ति ने दिल्ली में स्वास्थ्य क्रांति ला दी और छोटी दवाओं से लेकर बड़े परीक्षण तक सब कुछ मुफ्त कर दिया उस पूर्व मंत्री सत्येन्द्र जैन को उन्होंने जेल में डाल दिया। दिल्ली में स्कूल बनाने वाले, लाखों बच्चों के लिए सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को सुधारने वाले पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया को भी जेल भेज दिया। राज्यसभा में मोदी के खिलाफ बोलने वाले सांसद संजय सिंह को जेल के अंदर कर दिया। अब उन्होंने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के जरिए गैर-भाजपा सरकारों को परेशान किया जाता है। उन्होने कहा कि वह भी इसका भुक्तभोगी हैं।
