February 14, 2026

केजरीवाल ने वादे पूरे करने की बजाए बहाने बनाए: अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर अपने वादे पूरे करने के बजाए बहाने बनाने का आरोप लगाया है। अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि इस बार दिल्ली में कमल खिलेगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने मुस्तफाबाद और ओखला में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि केजरीवाल ने पिछले 11 वर्षों में लोगों को गुमराह करने के अलावा कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि जनता उन्हें पद से हटाने और भाजपा सरकार बनाने के लिए तैयार है। ठाकुर ने कहा कि 11 साल तक केजरीवाल ने सिर्फ झूठे वादे किए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने दावा किया था कि वह दिल्ली की हवा को साफ कर देंगे, लेकिन प्रदूषण और भी बदतर हो गया है। उन्होंने यमुना को साफ करने और उसमें डुबकी लगाने की कसम खाई थी, फिर भी नदी बहुत ज्यादा प्रदूषित बनी हुई है। उन्होंने स्वच्छ पेयजल का वादा किया था, लेकिन लोग अब भी दूषित पानी की आपूर्ति से जूझ रहे हैं। उन्होंने अच्छी सड़कों का वादा किया था, लेकिन आम आदमी पार्टी के शासन में दिल्ली की सड़कें बदहाल हो गई हैं।

ठाकुर ने आरोप लगाया कि केजरीवाल द्वारा सीवेज प्रणाली में सुधार करने के वादे के बावजूद राजधानी में गंदगी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों ने मन बना लिया है कि आप नामक यह आपदा हटेगी और कमल खिलेगा। भाजपा नेता ने केजरीवाल पर दलित विरोधी होने का भी आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *