केजरीवाल का दावा- कृषि कानूनों को दोबारा लागू करने की तैयारी में केंद्र सरकार
नई दिल्ली: आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि जो तीन काले क़ानून केंद्र ने तीन साल पहले किसानों के आंदोलन की वजह से वापिस लिए थे, उन्हें पालिसी कहकर केंद्र सरकार पिछले दरवाज़े से दोबारा लागू करने की तैयारी कर रही है। इस पालिसी की कॉपी उनके विचार जानने के लिए केंद्र ने सभी राज्यों को भेजी है।
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि अगर पंजाब में प्रदर्शनकारी किसानों को कुछ हुआ तो भाजपा जिम्मेदार होगी। आपको बता दें कि पंजाब के किसान एमएसपी पर कानूनी गारंटी समेत कई मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन उपवास पर हैं। केजरीवाल ने एक्स पर लिखा कि पंजाब में किसान कई दिनों से धरने और अनिश्चित अनशन पर बैठे हैं। इनकी वही मांगे हैं जो केंद्र सरकार ने तीन साल पहले मान ली थी लेकिन अभी तक लागू नहीं की।
केजरीवाल ने दावा किया कि बीजेपी सरकार अब अपने वादे से मुकर गई है। बीजेपी सरकार किसानों से बात तक नहीं कर रही। उन्होंने सवाल किया कि बीजेपी को इतना ज़्यादा अहंकार क्यों है कि किसी से बात भी नहीं करते? उन्होंने साफ तौर पर कहा कि पंजाब में जो किसान अनिश्चित अनशन पर बैठे हैं, भगवान उन्हें सलामत रखें लेकिन यदि उन्हें कुछ होता है तो इसके लिए बीजेपी ज़िम्मेदार होगी। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली की आप सरकार पर किसानों के कल्याण की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
