December 23, 2025

केजरीवाल दिल्ली की जनता के साथ चुनावी धोखा बंद करें: बांसुरी स्वराज

दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने के लिए आम आदमी पार्टी ने जनता से कई लुभावने वादे किए हैं। इन वादों में, दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये दिया जाना भी शामिल है। आम आदमी पार्टी ने रविवार को घोषणा की कि इस योजना के लिए 23 दिसंबर से पंजीकरण शुरू होगा। आप की इस घोषणा पर भारतीय जनता पार्टी ने निशाना साधा है।

इस संबंध में भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, ‘मैं अरविंद केजरीवाल से कहना चाहूंगी कि दिल्ली की जनता के साथ ये चुनावी धोखा बंद करें। पंजाब में भी उन्होंने यही घोषणा की थी कि महिलाओं के खातों में पैसे ट्रांसफर किए जाएंगे। अभी तक पंजाब की बहनें पाई-पाई के लिए तरस रही हैं। उनके खातों में एक रुपया भी नहीं आया’

बांसुरी ने आगे कहा, ‘जहां तक संजीवनी योजना की बात है तो मैं उनसे पूछना चाहती हूं कि जब आप एक दशक तक यहां सत्ता का आनंद ले रहे थे, तब आपने बुजुर्गों की जिम्मेदारी क्यों नहीं ली? क्या तब दिल्ली के बुजुर्ग बुजुर्ग नहीं थे?’

बांसुरी ने केजरीवाल पर आयुष्मान भारत जैसी कल्याणकारी योजना को दिल्ली में लागू नहीं होने देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘अब तो दिल्ली हाईकोर्ट ने भी दिल्ली सरकार से पूछा है कि आप आयुष्मान योजना को दिल्ली में क्यों लागू नहीं होने दे रहे हैं? नफरत की राजनीति के कारण अरविंद केजरीवाल आयुष्मान भारत जैसी कल्याणकारी योजना को दिल्ली में लागू नहीं होने दे रहे हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *