February 19, 2026

केजरीवाल ने की आंबेडकर सम्मान स्कॉलरशिप योजना की घोषणा

कहा, यह योजना दलित वर्ग के बच्चों के लिए निर्धारित

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने आज बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर के नाम पर स्कॉलरशिप देने की घोषणा की। इसे आंबेडकर सम्मान स्कॉलरशिप नाम दिया गया है। इस योजना के तहत दलित समुदाय के छात्रों को विदेश में पढ़ने के लिए सहायता राशि दी जाएगी। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस योजना के तहत सरकारी कर्मचारियों के बच्चे भी लाभान्वित होंगे।

केजरीवाल ने कहा कि यह योजना दलित वर्ग के बच्चों के लिए निर्धारित है। पढ़ाई और पढ़ाई के बाद नौकरी की तैयारी के लिए उनके आने वाले खर्च को दिल्ली सरकार उठाएगी। इसके तहत दलित वर्ग के बच्चे विदेश में जाकर स्कॉलरशिप के तहत पढ़ाई कर सकेंगे।

उन्होंने यह भी साफ किया कि इस योजना में दलित वर्ग से आने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के बच्चे भी लाभ उठा सकेंगे। उन्हें भी इस योजना का लाभ मिल सकेगा। केजरीवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जिस तरह से संसद में बाबा साहेब का अपमान किया है, उसके जवाब में बाबा साहेब के सम्मान में दलित वर्ग के लिए हम यह योजना लेकर आए हैं।

केजरीवाल ने कहा कि जैसे बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने विदेश जाकर उच्च शिक्षा ग्रहण की थी, वैसे ही अब दिल्ली के दलित समाज के बच्चे भी विदेश जाकर बिना किसी खर्च के पढ़ाई कर सकेंगे। दलित समाज का कोई भी बच्चा पैसे की कमी के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए ‘डॉ. अंबेडकर सम्मान स्कॉलरशिप’ दी जाएगी। दलित समाज के बच्चे विदेश में किसी भी यूनिवर्सिटी में एडमिशन लें, उसका सारा खर्च आम आदमी पार्टी सरकार उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *