कन्नौज रेप केस : सपा नेता नवाब सिंह यादव का रेप पीड़िता से डीएनए सैंपल हुआ मैच, हुई बलात्कार की पुष्टि
लखनऊ : कन्नौज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव का नाबालिग रेप पीड़िता के साथ डीएनए सैंपल मैच हुआ है। इसी के साथ पीड़िता के साथ बलात्कार की पुष्टि हुई है। फोरेंसिक रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। बता दें बीते 11 अगस्त की रात को नवाब सिंह यादव ने नाबालिग लड़की के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान पीड़िता ने पुलिस को कॉल किया था और मामले की जानकारी दी थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। जब पुलिस वहां पहुंची तो पीड़िता की बुआ भी वहां मौजूद थी तो पुलिस ने बुआ को कस्टडी में लेकर पूछताछ की थी।
पीड़िता की ओर से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया था और पीड़िता का उसके परिजनों की सहमति के आधार पर मेडिकल कराया गया था। मेडिकल होने पर रेप की पुष्टि हुई थी। इसके बाद पुलिस ने धाराएं जोड़कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इस रेपकांड की दूसरी आरोपी पीड़िता की बुआ है, जो नाबालिग को लेकर लखनऊ से नवाब सिंह यादव के पास उसके कॉलेज में पहुंची थी। घटना के समय वह कमरे के बाहर मौजूद थी। पीड़िता ने उसे आवाज भी लगाई थी, लेकिन उसने कोई मदद नहीं की थी। पुलिस नवाब सिंह और पीड़िता की बुआ दोनों को अरेस्ट कर चुकी है।
पूछताछ के दौरान रेप पीड़िता की बुआ ने पुलिस को बताया था कि वह नवाब सिंह को करीब 5-6 साल से जानती है। उसका नवाब सिंह के साथ फिजिकल रिलेशन होने की बात भी सामने आई। इससे पहले उसने पुलिस जांच को गुमराह करने की कोशिश की थी। पीड़िता की बुआ ने कहा था कि नवाब सिंह को फंसाया जा रहा है और इसके पीछे सपा के कुछ नेताओं का हाथ है।
