February 25, 2026

कन्हैया मित्तल कांग्रेस में नहीं होंगे शामिल, कहा- भाजपा के साथ ही रहूंगा

चंडीगढ़ – ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे‘ भजन गाने वाले कन्हैया मित्तल ने मंगलवार को कांग्रेस में शामिल होने के अपने फैसले को वापस लेने का ऐलान किया है। उन्होंने इस संबंध में बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि वो बीजेपी के साथ रहेंगे। मित्तल ने अपने बयानों के लिए वीडियो संदेश जारी कर माफी भी मांगी है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से मुझे ये एहसास हुआ कि मेरे सनातनी भाई बहन और खासकर बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व मुझे इतना प्यार करता है और इतनी चिंता करता है। मैंने जो बात कही थी कि मैं कांग्रेस ज्वाइन करने वाला हूं उसे मैं वापस लेता हूं।

उन्होंने कहा, “इससे पहले मैंने कहा था कि मैं कांग्रेस में शामिल हो जाऊंगा। अब मैं उस फैसले को वापस लेता हूं। इस फैसले से सनातनियों का दिल टूटा है। मैंने अब किसी भी कीमत पर ऐसा नहीं करने का फैसला किया है। क्योंकि मैं नहीं चाहता हूं कि किसी भी सनातनी का भरोसा टूटे। इसलिए मैं कांग्रेस में शामिल होने के अपने फैसले को वापस लेने का ऐलान करता हूं।” उन्होंने आगे कहा,“हम सब मिलकर यही संकल्प लेते हैं कि हम राम के थे, हैं, और रहेंगे। मैं आपसे फिर से माफी मांगता हूं। जब कोई अपना गलती करता है, तो बहुत तकलीफ होती है। मुझे लग रहा था कि मेरा फैसला गलत था। जो फैसला लिया है, वह गलत था, इसलिए मैंने अब उसे वापस ले लिया है। मैं अपने सभी समर्थकों का धन्यवाद करता हूं। मैं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का भी धन्यवाद करता हूं।”

ज्ञात हो कि, बीते दिनों कन्हैया मित्तल ने कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान किया था। दरअसल, वह भाजपा से टिकट चाह रहे थे, लेकिन टिकट नहीं मिलने की संभावना को देखते हुए बाद में उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान कर दिया था। इस ऐलान की राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा हुई थी। कन्हैया मित्तल का भजन ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’, काफी चर्चित हुआ था। भाजपा ने इस भजन का इस्तेमाल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए भी किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *