कृषि कानूनों को लेकर दिए अपने बयान से पलटी कंगना रनौत
कहा; किसी को डिसएप्वाइंट किया तो खेद है, भाजपा ने कंगना के बयान से किया किनारा
शिमला: हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा की सांसद व अभिनेत्री कंगना रनौत ने तीन कृषि कानूनों को दोबारा लागू करने को लेकर दिए गए अपने बयान से यू टर्न ले लिया है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपना बयान वापस लेते हुए कहा है कि यदि उनके बयान ने किसी को डिसएप्वाइंट किया हो तो वह अपने शब्द वापस लेती हैं।
कंगना को अपने बयान पर सफाई इसलिए देनी पड़ी कि कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने भारतीय जनता पार्टी को इस मुद्दे पर घेरना शुरू कर दिया है। हरियाणा में चल रहे विधानसभा चुनावों के बीच आए कंगना के बयान से भारतीय जनता पार्टी ने भी किनारा कर लिया है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने वीडियो जारी कर कहा है कि कंगना को तीन कृषि कानून पर बोलने का कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भाजपा सांसद कंगना रनौत का तीन कृषि कानून को लेकर दिया गया बयान पार्टी का अधिकृत बयान नहीं है। गौरव भाटिया ने कहा कि सोशल मीडिया पर भाजपा सांसद कंगना रनौत का तीन कृषि कानून को लेकर दिए गए बयान पर वे स्पष्ट करना चाहते हैं कि यह कानून पहले ही वापस लिए जा चुके हैं। यह बयान कंगना का व्यक्तिगत बयान है और भाजपा ने कंगना को ऐसा कोई बयान देने के लिए अधिकृत नहीं किया है और न ही यह पार्टी की सोच है।
दो दिन पहले हिमाचल में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कंगना ने तीन कृषि कानून को दोबारा लागू करने की बात कही थी। कंगना ने कहा था कि किसानों को खुद यह कानून लागू करने की मांग करनी चाहिए। यहां यह स्पष्ट कर दें कि केंद्र सरकार ने नवंबर 2021 में 14 महीने चले किसान आंदोलन के बाद यह कानून वापस ले लिए थे। कंगना के बयान से भारतीय जनता पार्टी को इसलिए किनारा करना पड़ा क्योंकि विपक्ष ने उनके बयान पर पार्टी को घेरना शुरू कर दिया था।अकाली दल के प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर ने भारतीय जनता पार्टी से कंगना को पार्टी से बाहर करने व उन पर एनएसए लगाने की मांग की थी।
हरियाणा में भी कांग्रेस पार्टी ने कंगना के बयान का पुरजोर विरोध किया है व विधानसभा चुनाव में यह प्रचार करना शुरू कर दिया है कि भारतीय जनता पार्टी फिर से तीन कृषि कानून को वापस लाने की योजना बना रही है। पंजाब में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने इस संदर्भ में बयान जारी कर कहा है कि भारतीय जनता पार्टी अपने किसान विरोधी एजेंडा को आगे बढ़ाने के लिए कंगना का इस्तेमाल कर रही है।
कंगना अपने विवादित बयानों से हमेशा चर्चा में रहती है और कई बार पार्टी को उनके बयानों पर सफाई देनी पड़ जाती है। भाजपा ने पहले भी कंगना को नसीहत दी थी कि वह इस तरह के मुद्दों पर आगे कोई बयान न दिया करें।
