नववर्ष में झज्जर को मिली 1561 लाख से अधिक की मनोहर सौगात
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने सांसद का झज्जर पहुंचने पर किया स्वागत, विकास परियोजनाओं के लिए जिलेवासियों को दी बधाई
झज्जर,24 जनवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संकल्प से परिणाम वर्ष 2024 में झज्जर जिला को 1561 लाख रुपए की छह विकास योजनाओं व परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने हिसार से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से झज्जर जिला में साढ़े 14 करोड़ रुपए से अधिक की पांच योजनाओं का उद्घाटन और 90 लाख रुपए की एक परियोजना का शिलान्यास किया।
विभिन्न विकास योजनाओं व परियोजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास के अवसर पर झज्जर के लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। सांसद डा अरविंद शर्मा जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने सांसद का झज्जर पहुंचने पर स्वागत किया और जिला के विकास से जुड़ी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
मुख्य अतिथि एवं सांसद डा अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भी भारत की दुनिया में अलग पहचान बनी है। केंद्र व प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभान्वित करने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार नेक नियत व ईमानदारी के साथ योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक को पहुंचाने में अपना दायित्व निभा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने विकास के मामले में स्वॢणम युग स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि जिलाभर में आज शिक्षा,स्वास्थ्य,सड़कों से जुड़ी परियोजनाओं की शुरुआत हुई है, जिसके चलते जिले का चहुंमुखी विकास होगा। सांसद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा निरंतर विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में निरंतर विकास का पहिया तेजी से घूम रहा है। देश और प्रदेश में सरकार ने विकास का पहिया रूकने नहीं दिया,देश की मजबूती के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबंध है। देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर होती है। इंफ्रास्ट्रक्चर जितना मजबूत होगा,देश की अर्थव्यवस्था भी सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि विकास हमारे लिए अति महत्वपूर्ण है,हम सबका यह दायित्व बनता है कि विकास कार्यों में पूरी तरह से सहभागी बनते हुए देश और प्रदेश की तरक्की में अपना योगदान दें।
बेरी व मातनहेल,जैतपुर और खाचरौली गांव के नागरिकों को मिला साढ़े 14 करोड़ से ज्यादा राशि की पांच योजनाओं का तोहफा
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं सांसद डॉ अरविंद शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में वर्चुअल माध्यम से 14 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि की पांच योजनाओं का नागरिको को तोहफा दिया। मुख्यमंत्री ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग की बेरी शहर में 443.91 लाख रुपये की लागत से तैयार हर्बल पार्क से शिव चौक वाया तिकोना पार्क तक की सड़क और माता भीमेश्वरी देवी मंदिर के समीप 405.43 लाख रुपये की लागत से तैयार धर्मशाला का लोकार्पण करते हुए बेरी वासियों को सौगात दी। इसी प्रकार गांव खाचरोली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 329 लाख रुपये की लागत से निर्मित सात क्लास रूम, प्राचार्य कक्ष,स्टाफ रूम,गर्ल्स कॉमन रूम, दिव्यांग,विद्यालय स्टाफ,लड़के और लड़कियों के शौचालयों का उदघाटन किया। गांव मातनहेल में विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा 216.26 लाख रुपए की लागत से तैयार ब्लाक कार्यालय भवन और गांव जैतपुर में 76.80 लाख रुपये की लागत से तैयार स्वास्थ्य विभाग के उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करते हुए जनता को समर्पित किया।
गांव खुडन में 90 लाख रुपये की लागत से प्राईमरी स्कूल में बनेंगे क्लास रूम,मिलेगी जरूरी सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग की लगभग 90 लाख रुपये की लागत से गांव खुडन के राजकीय प्राथमिक स्कूल में बनने वाले पांच क्लास रूम, प्राचार्य कक्ष,विद्यालय स्टाफ,लडक़े व लड़कियों और दिव्यांग शौचालयों का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में इन गणमान्य व्यक्तियों की रही मौजूदगी
इस मौके पर जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना, नगर परिषद झज्जर के चेयरमैन जिले सिंह सैनी,गांव जैतपुर से लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड )बलराज नागल,पार्षद भागवंती,महिला विकास निगम की पूर्व चेयरपर्सन सुनीता चौहान,पार्षद मिथुन शर्मा,एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष सतबीर एडवोकेट, वरिष्ठ नेता रमेश वाल्मिकी, मंडल अध्यक्ष केशव सिंघल, प्रवीण गर्ग,राजेंद्र कौशिक,प्रकाश धनखड़, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से सीईओ जिला परिषद डा सुभीता ढाका,डीएमसी जगनिवास,झज्जर के एसडीएम विशाल कुमार, सिविल सर्जन डॉ ब्रह्मदीप सिंह,डीईओ राजेश कुमार,डीआईओ अमित बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
