हज़ारों देशभक्तों की कुर्बानियों से मिली आज़ादी: जसप्रीत सिंह
बोले, तिरंगा हमारी आन, बान और शान
राज घई, श्री आनंदपुर साहिब, उपमंडल का स्वतंत्रता दिवस समारोह आज 15 अगस्त को श्री आनंदपुर साहिब में चरण गंगा स्टेडियम में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपमंडल मजिस्ट्रेट जसप्रीत सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभक्ति और पंजाबी संस्कृति को दर्शाने वाली प्रस्तुतियों ने शहर के गणमान्य व्यक्तियों, विद्यार्थियों और उनके माता-पिता का मन मोह लिया। गिद्धा और भांगड़ा ने समारोह में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम की शुरुआत शब्द गायन से और समाप्ति राष्ट्रगान से हुई।
देशवासियों को संबोधित करते हुए जसप्रीत सिंह ने कहा कि आज हम अपने देश का सबसे बड़ा त्योहार मना रहे हैं, हमें यह आज़ादी देशभक्तों की कुर्बानियों से मिली है। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, शहीद उधम सिंह, करतार सिंह सराभा, मदन लाल धींगरा, लाला लाजपत राय समेत हज़ारों देशवासियों ने कुर्बानियां देकर हमें अंग्रेजी साम्राज्य से आज़ादी दिलाई। आज जिस तिरंगे को हम गर्व से लहरा रहे हैं, यह सम्मान उन्हीं आज़ादी के परवानों की कुर्बानियों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि यह त्योहार सबको मिल-जुलकर मनाना चाहिए। समारोह में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से इन विद्यार्थियों ने पूरी मेहनत की है, सांस्कृतिक और देशभक्ति प्रस्तुतियों ने उत्साह भर दिया है। उन्होंने विभिन्न प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों, उनके शिक्षकों और प्रशिक्षकों का सम्मान किया और कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारे नौजवान ऐसे पर्व एकता के साथ मनाते हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से सामाजिक बुराइयों और नशे के खिलाफ डटकर मुकाबला करने की अपील की। उन्होंने पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिला प्रशासन द्वारा आम जनता तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी। समारोह में सबसे पहले एस.डी.एम. ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, इस अवसर पर डी.एस.पी. श्री आनंदपुर साहिब अजय सिंह भी मौजूद थे।
कार्यक्रम का मंच संचालन गुरमिंदर सिंह भुल्लर ने किया। भांगड़ा दीदार सिंह कोच और गिद्धा गुरदीप कौर द्वारा तैयार किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी प्रिंसिपल सुखपाल कौर वालियां, प्रिंसिपल नीरज कुमार, गुरमिंदर सिंह भुल्लर, रंजीत सिंह (एन.सी.सी. अधिकारी), अजय सिंह, गुरदीप कौर ने करवाई। सुरक्षा प्रबंध की निगरानी एस.एच.ओ. दानिशवीर सिंह कर रहे थे।
