February 19, 2026

जलोड़ी जोत सुरंग परियोजना से हिमाचल के विकास को मिलेगी नई गति: जयराम ठाकुर

भाजपा नेता ने परियोजना को मंजूरी देने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने जलोड़ी जोत सुरंग परियोजना को लेकर केंद्र सरकार की सराहना की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के विकास को प्राथमिकता देते हुए कई परियोजनाओं को तेजी से मंजूरी दे रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि जलोड़ी जोत की सुरंग परियोजना की लंबाई लगभग 4 से 4.2 किलोमीटर होगी। इस योजना से न केवल क्षेत्रीय लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि हिमाचल प्रदेश के पर्यटन उद्योग को भी नई ऊंचाइयों पर पहुंचने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सुरंग बनने के बाद पर्यटकों के लिए यात्रा सुगम हो जाएगी, जिससे प्रदेश में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। यह परियोजना कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में रहने वाले स्थानीय लोगों के जीवन को भी आसान बनाएगी।

जयराम ठाकुर ने परियोजना को मंजूरी देने के लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष धन्यवाद करता हूं, जो हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि राज्य सरकार भी इस परियोजना में अपना पूर्ण सहयोग देगी।

इस सुरंग के निर्माण से क्षेत्र के विकास की रफ्तार तेज होगी और राज्य की कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी। यह परियोजना न केवल हिमाचल प्रदेश के नागरिकों के लिए सुविधाजनक होगी, बल्कि पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगी।

जलोड़ी जोत सुरंग परियोजना हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित हो सकती है, जिसका असर आने वाले समय में राज्य के हर क्षेत्र में देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *