April 13, 2026

होर्मुज से सुरक्षित निकला 20400 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर आ रहा जग विक्रम

14 अप्रैल तक गुजरात पहुंचने की उम्मीद

नई दिल्ली, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नाकाबंदी के बीच भारत के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। भारतीय झंडे वाला एलपीजी गैस टैंकर जग विक्रम सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट को पार कर चुका है। 11 अप्रैल को इस बेहद संवेदनशील और रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने के बाद यह जहाज ओमान की खाड़ी पहुंच गया है और अब तेजी से भारत की ओर बढ़ रहा है।

जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए अहम जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि ‘जग विक्रम’ जहाज पर लगभग 20,400 मीट्रिक टन एलपीजी गैस लदी हुई है और इस पर 24 नाविक सवार हैं। शुक्रवार रात से शनिवार सुबह के बीच इस जहाज ने होर्मुज को सफलतापूर्वक पार किया। इसके 14 अप्रैल तक गुजरात के कांडला बंदरगाह पर पहुंचने की पूरी उम्मीद है। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारत के सभी बंदरगाहों पर कामकाज बिल्कुल सामान्य तरीके से चल रहा है और कहीं से भी किसी तरह की भीड़भाड़ या जाम की कोई रिपोर्ट नहीं है।

आंकड़ों के मुताबिक, मार्च की शुरुआत से लेकर अब तक फारस की खाड़ी से सुरक्षित बाहर निकलने वाला ‘जग विक्रम’ नौवां भारतीय जहाज बन गया है। हालांकि, असली चिंता का विषय यह है कि अभी भी 15 भारतीय जहाज होर्मुज स्ट्रेट में फंसे हुए हैं। इसके अलावा, भारत के लिए जरूरी कार्गो लेकर आ रहे कई विदेशी झंडे वाले जहाज भी इसी समुद्री इलाके में अटके पड़े हैं। हाल ही में अमेरिका द्वारा होर्मुज में नाकाबंदी का बड़ा ऐलान किया गया है, जिसने वैश्विक व्यापार की टेंशन बढ़ा दी है। अब पूरी दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अमेरिकी हस्तक्षेप और नाकाबंदी के बाद वहां फंसे बाकी जहाजों की सुरक्षित आवाजाही हो पाती है या उनके रास्ते पूरी तरह से बंद हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *