February 22, 2026

मताधिकार के उपयोग के लिए मतदाता सूची में नाम होना जरूरी : डीसी

झज्जर, भारतीय चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। मतदाता सूची जिला झज्जर , सीईओ हरियाणा और इसीआई की वेबसाइट पर उपलब्ध है। मताधिकार का उपयोग करने के लिए मतदाता सूची में नाम होना अनिवार्य है।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि अगर किसी नागरिक ने अपना नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं करवाया है तो वह ऑनलाइन फार्म छह भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवा सकता है। अगर मतदाता सूची में नाम गलत है या अन्य गलती है तो फार्म आठ भरना होगा और अगर किसी मतदाता का देहांत हो चुका है और नाम मतदाता सूची हटवाना है तो वह भी फार्म सात भरकर कटवाया जा सकता है। इसके लिए ऑनलाइन सुविधा मौजूद है। डीसी ने बताया कि वोटर डॉट इसीआईडॉट जीओवीडॉट इन वेबसाइट पर या वोटर हेल्पलाइन एप अपने स्मार्ट मोबाइल में डाउनलोड कर मतादाता सूची में नाम शामिल, शुद्धिकरण और वोट हटवा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पहले मतदाता पुनरीक्षण कार्य किया गया था। इसके लिए बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। राजनीतिक पार्टियों को जागरूकता अभियान में भागीदार बनाया गया। इस प्रक्रिया में जिला भर में 18 हजार से अधिक नये नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए। डीसी ने कहा कि अगर अभी भी किसी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है तो उक्त नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवा सकता है। उन्होंने बताया कि फिलहाल जिला में सात लाख, 94 हजार 368 मतदाता हैं। इनमें पुरूष चार लाख 21 हजार 235, महिला तीन लाख 73 हजार 133 और थर्ड जेंडर 13 शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिला में 1000 की जनसंख्या में 755 नागरिक मतदाता है। जिला में कुल 796 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
इस अवसर पर एडीसी सलोनी शर्मा, उप निर्वाचन अधिकारी एवं सीटीएम राकेश सैनी, नायब तहसीलदार सूरेंद्र कुमार, बीजेपी से मंडल अध्यक्ष केशव सिंगल, कांग्रेस से विकास अहलावत, जेजेपी से श्रीराम दहिया, इनेलो से पवन धनखड, बीएसपी से सत्यप्रकाश दोचानिया तथा आम आदमी पार्टी से अभिता द्विजा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *