February 25, 2026

सडक़ हादसों की रोकथाम के लिए यातायात नियमों की पालना जरूरी : डीसी

बिना हैल्मेट दुपहिया वाहन चालकों के वीडियोग्राफी आधार पर होंगे चालान-बोले डीसी
झज्जर, डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। सडक़ सुरक्षा के तहत योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए आमजन को जागरूक करने की दिशा में अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। डीसी लघु सचिवालय स्थित सभागार में सोमवार को सडक़ सुरक्षा समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। एसपी डॉ अर्पित जैन ने बैठक में यातायात संबंधी नियमों की अनुपालना बारे निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उदेश्य से केएमपी सहित सभी टोल टैक्स पर लगे सीसीटीवी के जरिए बिना हैलमैट दुपहिया वाहन चालकों के चालान उनके पते पर भेजे जाएं। उन्होंने कहा कि बरसाती सीजन के चलते सडक़ों के दोनों साइड उगी झाडिय़ोंं की ट्रिमिंग की जाए,ताकि हादसों को रोका जा सके। इतना ही नहीं हाईवे पर स्थित स्कूलों के कक्षा नौवी और दस जमा एक के विद्यार्थियों को ट्रैफिक पुलिस द्वारा ट्रैफिक रेगुलेट करने संबंधी प्रशिक्षण दिया जाए। स्कूल की छुटटी के समय प्रशिक्षित विद्यार्थी दूसरे विद्यार्थियों को सडक़ पार करने मे मददगार बन सकें। इसके लिए स्कूल के पीटीआई की सेवाएं लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात संबंधी नियमों के प्रति जागरूक करने के उदेश्य से स्कूल से लेकर कालेज स्तर पर प्रश्नोतरी प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर तैयारियां चल रही हैं,विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन की वेबसाईट पर यातायात नियमों पर आधारित प्रश्नावली अपलोड की जा रही है। उन्होंने रोडवेज महाप्रबंधक को बस स्टैंड के प्रवेश और निकासी द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अक्सर बस स्टैंड पर बसों को लेकर अनियमिता की स्थिति पैदा हो जाती है,जिसे रोकना प्रशासन का कार्य है।
-छुछकवास बाईपास के लिए जमीन अधिग्रहण कार्य जल्द हो पूरा
डीसी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिले की विशेषकर झज्जर-बहादुरगढ़ मार्ग सहित अन्य सडक मार्गों की मुरम्मत के निर्देश दिए। साथ ही छुछकवास बाईपास के जमीन अधिग्रहण कार्य को जल्द पूरा करते हुए बाईपास का निर्माण प्रक्रिया पूरी की जाए। निर्माण का कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने सडक़ सुरक्षा एजेंडे में शामिल बिंदुओं पर चर्चा करते हुए कहा कि जिला की सीमा के भीतर से गुजरने वाले राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर अवैध कटों को तुरंत बंद कराया जाए। उन्होंने मोटर वाहन नियम के अंतर्गत लोगों को जागरूक करने के साथ ही सडक़ सुरक्षा संबंधित कार्यक्रमों पर संतोष जाहिर किया।
डीसी ने यातायात प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपने एरिया से संबंधित उपमंडल अधिकारी (ना.) व संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सडक़ों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में कार्य करें। ओवर स्पीड, मोबाइल यूज, ड्रंकन ड्राइव, सीट बेल्ट, बिना हेलमेट राइडिंग आदि से संबंधित चालान अधिक से अधिक किये जाएं ताकि आमजन सडक़ सुरक्षा से संबंधित नियमों का गंभीरता से पालन करे।
यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी
एसपी डॉ अर्पित जैन ने कहा कि यातायात पुलिस को जीरो टोलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने कहा कि कोई भी वाहन चालक सडक़ सुरक्षा व स्वयं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करता है तो तत्काल चालान करें। हमारा प्रयास होना चाहिए कि जिला की सडक़ों पर किसी भी व्यक्ति की सडक़ दुर्घटना में जान न जाए। यह बहुत पीड़ादायक है । दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष फोकस होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले चालकों के चालान की राशि का भुगतान करने से पूर्व नियमों की जानकारी से रूबरू कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *