February 15, 2026

इजराइली विशेषज्ञ ने किया पुष्प एवं बीज उत्पादन उत्कृष्टता केन्द्र मुनीमपुर का दौरा

झज्जर, निकटवर्ती गांव मुनीमपुर में पुष्प एवं बीज उत्पादन उत्कृष्टता केन्द्र का जायजा लेने के लिए इजराइली कृषि विशेषज्ञ उरी रूबिन्सटीन पहुंचे,जहां बागवानी विभाग के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और उत्कृष्टता केंद्र की विस्तार से जानकारी सांझा की। इस दौरान उरी रूबिन्सटीन और बागवानी विभाग के परियोजना अधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव ने पुष्प एवं बीज उत्पादन तकनीकी उत्कृष्टता केन्द्र में चल रही गतिविधियों की समीक्षा की।
उल्लेखनीय है कि उरी रुबिन्सटीन नई दिल्ली में इजराइल दूतावास में कृषि अटैचे के रूप में शामिल हुए हैं जो भारत-इजराइल कृषि परियोजना का नेतृत्व करेंगे। बागवानी विशेषज्ञ ने केन्द्र पर बने संरक्षित ढांचे व हाई टेक नर्सरी का गहनता से निरीक्षण किया। उरी रूबिन्सटीन ने केन्द्र के बागवानी अधिकारियों को नेट हाउस, पोली हाउस में विभिन्न फसलों की पैदावार को आधुनिक तकनीकी के माध्यम से बढाने के तरीके बताए, केन्द्र पर चल रही गतिविधियों की सराहना की । उन्होंने किसानों के लिए जागरूकता कार्यकम चलाने को कहा ताकि किसानों की आय को बढ़ाया जा सके।
इस बीच विभाग के डॉ. सुरेश चंद, विषय वस्तु विशेषज्ञ, डॉ. हेमन्त सैनी, विषय वस्तु विशेषज्ञ ने केंद्र का संरक्षित ढांचा, हाई-टेक नर्सरी व केन्द्र पर चल रहे अन्य विकास कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केन्द्र पर बनी हाई-टेक नर्सरी में किसानों के लिए स्वस्थ एवं उच्च किस्म की सब्जियों की पौध अनुदान राशि पर तैयार की जाती है ताकि किसान कम मूल्य में उच्च गुणवत्ता की फसल तैयार कर सके। इसके साथ-साथ केन्द्र पर समय-समय पर चलाए जाने वाले साप्ताहिक व एक दिवसीय प्रशिक्षण के बारे में भी अवगत कराया गया जिसमें किसानों को फूल उत्पादन की उन्नत तकनीकों से अवगत कराया जाता है। उन्होंने केन्द्र की किसान हितैषी योजनाओं व गतिविधियों के बारे में अवगत कराया। उल्लेखनीय है कि पूर्व कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने क्षेत्र के किसानों की आय बढ़ाने के लिए मुनिमपुर गांव में फूल एवं बीज उत्पादन तकनीकी उत्कृष्टता केन्द्र की स्थापना की थी। किसानों ने बताया कि यह केंद्र खुलने से क्षेत्र के किसानों को काफी लाभ हुआ है।
इस अवसर पर उद्यान विभाग के उप-निदेशक डॉ. दीपक धत्तरवाल, केन्द्र के इंचार्ज डॉ. सुरेश चंद सहित विभागीय अधिकारी और प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *