February 21, 2026

संस्थाओं ने ग्रांट जारी करने पर जताया सीएम नायब सिंह सैनी का आभार

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा झज्जर जिले में तीन नेक कार्यों के लिए स्वैच्छिक कोष से जारी की गई 15 लाख रुपये की ग्रांट से लाभान्वित संस्थाओं ने प्रदेश सरकार का आभार प्रकट किया है। सुबाना गांव के रूपेशवर धाम में हॉल निर्माण, नूना माजरा में नक्षत्र एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा संचालित दिव्यांग बच्चों के स्कूल, और कासनी गांव के सत साहिब कुश्ती क्लब के लिए यह धनराशि जारी की गई थी। इन संस्था संचालकों ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश सरकार की इस पहल की जमकर तारीफ की है।
सुबाना गांव के सरपंच रोहित ने कहा, “मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महाशिवरात्रि के दिन हमारी मांग को सुनकर रूपेशवर धाम में हॉल निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की ग्रांट देने की घोषणा की थी, और अब यह धनराशि आई है। यह पूरे गाँव के लिए गौरव की बात है। प्रदेश सरकार का यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और नेक कार्य कर रही संस्थाओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है। हमारी सरकार ने हमेशा गाँवों की बेहतरी के लिए काम किया है। हम इसके लिए मुख्यमंत्री जी और सरकार का धन्यवाद करते हैं।”
इसी तरह, बहादुरगढ़ खंड के नूना माजरा गांव में नक्षत्र एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा दिव्यांग (मूक-बधिर) बच्चों के लिए संचालित स्कूल के लिए 5 लाख रुपये की ग्रांट मिलने पर सोसाइटी संचालक नवीन देसवाल ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश सरकार ने दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और पुनर्वास के लिए जो सहायता दी है, वह बड़ी आर्थिक मदद है। यह धनराशि हमारे बच्चों के भविष्य को संवारने में बहुत मददगार साबित होगी। सरकार का यह कदम समाज के कमजोर वर्गों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हमारी संस्था और बच्चों की ओर से मैं सरकार का आभार व्यक्त करता हूँ।”
वहीं, बादली हलके के कासनी गांव में सत साहिब कुश्ती क्लब के लिए रेसलिंग हॉल निर्माण और रेसलिंग मैट खरीदने के लिए 5 लाख रुपये की ग्रांट मिलने पर अखाड़ा संचालक अजीत ने सरकार और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औम प्रकाश धनखड़ की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री औम प्रकाश धनखड़ ने सरकार में मंत्री रहते बादली हल्के के ज्यादातर अखाड़ों में आधुनिक कुश्ती मैट दिए थे और अभी भी खिलाड़ियों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हमारी मांग को पूरा करके ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। इस ग्रांट से हमारे क्लब के खिलाड़ी बेहतर सुविधाओं के साथ अभ्यास कर सकेंगे और राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कासनी ,जिला और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। संस्था संचालकों ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने हमेशा परोपकारी कार्यों के साथ-साथ समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *