नशे व बुरी बातों को न कहने की आदत बनाने पर अभिभावकों को जोर देने की आवश्यकता- इंदु धीमान
ऊना/सुखविंदर/15 सितंबर/ नगर पंचायत अंब के द्वारा “नशा मुक्त ऊना” अभियान के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्षा इंदु धीमान ने की।इस मौके पर एस एच ओ अंब ग़ौरव भारद्वाज ने मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि नशे से बचने के लिए युवाओं को अकेलेपन की स्थिति से निपटने के लिए उनसे बात करना बहुत जरूरी है। ग़ौरव भारद्वाज ने बताया कि नशे की लत से परिवार और समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसलिए किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना ही इसका सर्वोत्तम इलाज है। उन्होंने कहा कि कुछ बीमारियों का इलाज ही बचाव है, जबकि कुछ बीमारियों से बचाव ही उनका इलाज है। उन्होंने कहा कि नशे की आदत को छोड़ने के लिए पीड़ित को ऐसे लोगों के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताना चाहिए,जो नशा न करते हों।इस अवसर पर अंब की चेयरपर्सन इंदु धीमान ने कहा कि नशे की सामग्री व्यक्ति को पहले उत्तेजित करती है, लेकिन उसके पश्चात जैसे जैसे आप उसकी गिरफ्त में आते रहते हैं,वो व्यक्ति को भीतर से नकारात्मक बनाती है। जिससे व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास कम होने लगता है।इंदु धीमान ने बताया कि नशे करने से जीवन में निराशा का भाव आने लगता है। साथ ही चिड़चिड़ापन पैदा होता है,जो उसकी सफलता और जीवन के रोजमर्रा के कामों में बाधक बनता है।इस बैठक में उपाध्यक्ष उपदेश ठाकुर, पार्षद अनुसुया रानी,नरेश कुमारी, अशोक कुमार, अंजलि सूद, अर्चना कुमारी, मेला राम, सचिव नगर पंचायत रमन शर्मा, सामाजिक विकास विशेषज्ञ मनोज कौशिक, स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त विजय शर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व आशा कार्यकर्ता सुनीता देवी, अपेक्षा कुमारी, विजय कुमार, गोल्डी, मनीषा व स्थानीय निवासियों ने भाग लिया।
